दिल्ली से दुबई जा रहे स्पाइस जेट के विमान में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। आनन-फानन में विमान को पाकिस्तान के कराची में उतारने का निर्णय लिया गया। विमान को कराची में आपातकालीन स्थितियों में उतारना पड़ा।
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से दुबई के लिए स्पाइसजेट के विमान संख्या एसजी-11 को मंगलवार सुबह 7:40 बजे उड़ान भरनी थी। विमान ने सुबह आठ बजकर चार मिनट पर दिल्ली से दुबई के लिए उड़ान भरी। भारतीय समयानुसार साढ़े नौ बजे के आसपास विमान में तकनीकी खराबी का पता चला। उस समय सबसे निकट पाकिस्तान का जिन्ना अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट था।
चालक दल ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर विमान की तकनीकी खराबी की जानकारी दी और कराची में आपातस्थिति में उतारने की बात कही। सहमति के बाद भारतीय समयानुसार सुबह 9:47 बजे (पाकिस्तानी समयानुसार सुबह 9:17 बजे) विमान को कराची एयरपोर्ट पर उतारा गया। बताया गया कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बताया कि लाइट में तकनीकी खराबी के कारण बोइंग 737 को कराची की ओर मोड़ना पड़ा। विमान कराची में सुरक्षित उतरा। विमान उतारते समय कोई आपात स्थिति घोषित नहीं की गई। विमान के साथ किसी भी खराबी की पहले कोई रिपोर्ट नहीं थी। एक दूसरा विमान कराची भेजा जा रहा है जो यात्रियों को दुबई ले जाएगा।

















