प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उत्तर प्रदेश के चंदौली और जौनपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अंग्रेजी नहीं पढ़ सकने वाले गरीब बच्चे अब हिंदी में मेडिकल की पढ़ाई कर सकेंगे। साथ ही, कहा कि निजी कॉलेजों की फीस भी आधी की जाएगी। प्रधानमंत्री ने कुछ दिन पहले ही निजी विश्वविद्यालयों से मेडिकल की पढ़ाई सस्ती करने अपील की थी। इसके अलावा, यह भी कहा था कि सरकार इस दिशा में प्रयासरत है। विद्यार्थियों को देश में ही मेडिकल की पढ़ाई का अवसर मिले, इसके लिए सरकार कोई कदम उठाएगी ताकि उन्हें विदेशों में नहीं जाना पड़े।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमने मेडिकल कॉलेज की फीस घटाकर सरकारी कॉलेज के बराबर करने का फैसला किया है। यह प्रयास भी कर रहे हैं कि जॉनपुर सहित समूचे पूर्वांचल में मेडिकल की पढ़ाई हिंद में शुरू की जा सके। देश के युवा को विश्वास है कि उसके सपने और आकांक्षाएं पूरी हो सकती हैं। गरीब को भी अहसास है कि सरकार उसकी बात सुन रही है। सबका साथ, सबका विकास हमारा मंत्र और सबको सुरक्षा, सबको सम्मान हमारा प्रण है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा जारी रखने के लिए भाजपा की जीत जरूरी है। दुनिया के सामने मौजूदा समय में गंभीर चुनौतियां हैं, जिनका सामना करने के लिए भारत को मजबूत होने की जरूरत है। लेकिन वोट के लिए विपक्ष समाज को बांटने की कोशिश कर रहा है।











