| दिंनाक: 22 Aug 2015 14:28:46 |
|
अपने कार्य को अधिक कुशलता से कर सकें, संघ कार्य की आवश्यकता, स्वरूप एवं पद्धति को भलिभांति समझ सकें इस उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मालवा प्रांत द्वारा इन्दौर में महाविद्यालयीन प्राध्यापकों के लिए तीन दिवसीय विशिष्ट 'प्रांतीय नैपुण्य वर्ग' आयोजित किया गया। 7 से 9 अगस्त तक आयोजित इस अनूठे वर्ग में 39 महाविद्यालयों से कुल 81 प्राध्यापकों की सहभागिता रही। इनमें व्यावसायिक पाठ्यक्रमों (मेडिकल, इंजीनियरिंग, प्रबंधन एवं विधि) के 42, कला एवं वाणिज्य के 26 एवं विज्ञान के 13 प्राध्यापक सम्मिलित हुए।
बौद्धिक सत्रों में संघ, कार्यपद्धति व विविध गतिविधियों के साथ-साथ शिक्षा परिसरों का संस्कारयुक्त वातावरण बनाकर, विद्यार्थियों में राष्ट्रभाव विकसित करने में प्राध्यापक क्या भूमिका निभा सकते हैं इस विषय पर चर्चा हुई।
सहभागी प्राध्यापकों के अतिरिक्त एक विशेष सत्र के लिए देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के कुलपति, विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं विभागाध्यक्षों को भी आमंत्रित किया गया। ऐसे 32 वरिष्ठ शिक्षाविद् दो सत्रों में उपस्थित रहे। वर्ग के विभिन्न बौद्धिक एवं चर्चा सत्रों में क्षेत्र संघचालक श्री अशोक सोहनी, प्रांत संघचालक डॉ़ प्रकाश शास्त्री, प्रांत प्रचारक श्री पराग अभ्यंकर, सह प्रांत प्रचारक डॉ़ श्रीकांत आदि उपस्थित रहे। -प्रतिनिधि