| दिंनाक: 27 Jun 2015 12:07:34 |
|
बजरंग दल, दिल्ली के सप्ताह भर चले शौर्य प्रशिक्षण शिविर का समापन 21 जून को हुआ। इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद् के केन्द्रीय मंत्री राजेन्द्र सिंह 'पंकज' ने कहा कि यह एक संयोग ही है कि दिल्ली प्रान्त के इस शिविर का समापन उस दिन हो रहा है जब भारतीय संस्कृति के महापर्व योग दिवस को पूरा विश्व मना रहा है। जहां 'डिस्को', 'ड्रिंक' व 'ड्रग्स' की संस्कृति ने आज देश के असंख्य नौजवानों को जकड़ रखा है, वहीं बजरंग दल ने योग, ध्यान, प्राणायाम व सूर्य नमस्कार जैसे अनेक माध्यमों से उनके अन्दर सेवा, सुरक्षा, संस्कार और आत्म स्वाभिमान का भाव जागृत करने का अनुपम कार्य किया है। उन्होंने यह भी कहा कि बजरंग दल ने अपने जन्म से ही युवाओं में राष्ट्रीयता का संचार कर देश के सामने आई हर चुनौती का डट कर मुकाबला करना तो सिखाया ही है, किन्तु अभी भी बहुत कुछ किया जाना शेष है। बजरंग दल के प्रांत संयोजक नीरज दोनेरिया के निर्देशन में सम्पन्न इस शिविर में 100 से अधिक युवकों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर देश और धर्म की रक्षार्थ शपथ ली। कार्यकर्ताओं ने आतंकियों के विरुद्ध लड़ाई का न सिर्फ संकल्प लिया, बल्कि ऐसे हमलों से निपटने का प्रशिक्षण प्राप्त कर उसका प्रदर्शन भी किया। शिविर के समापन समारोह में बजरंगियों ने जहां योग, ध्यान, प्राणायाम, जूडो-कराटे, मार्शल आर्ट, मुक्केबाजी, दण्ड, बाधापार, निशानेबाजी का प्रदर्शन किया, वहीं राष्ट्र पर आने वाली हर चुनौती का सामना करने हेतु आपदा प्रबंधन व आतंकवाद से लड़ने के कौशल का प्रदर्शन भी किया। वर्गाधिकारी जितेन्द्र कुंवर ने जहां शिविर का ब्योरा प्रस्तुत किया, वहीं महेश कुमार ने मुख्य शिक्षक की भूमिका निभाई। -प्रतिनिधि