| दिंनाक: 02 Aug 2014 16:15:49 |
|
तमिलनाडु के परंजिपट्टई गांव में रहने वाले उस्मान अली का बेटा हाजी फखरूद्दीन सीरिया में आईएसआईएस के साथ मिलकर बशर अल असद शासन के खिलाफ लड़ रहा है। मार्च में उसका अंतिम बार मां रुखैया के पास फोन आया था। उसने तब आईएसआईएस के बैनर तले लड़ने की बात कही थी। उस्मानी का कहना है कि फखरूद्दीन शुरू से ही इस्लामी देश में रहना चाहता था और उसे सीरिया जाने से रोकने की उन्होंने काफी कोशिश भी की थी।
वह आईएसआईएस को अपने वेतन का हिस्सा भी देता था और उसमें शामिल होने से पूर्व सिंगापुर का नागरिक था। फखरूद्दीन को जिहादी बनाने के पीछे गुल मोहम्मद मारेकर का हाथ बताया जा रहा है। तमिलनाडु पुलिस के मुताबिक पांच युवाओं को सीरिया और इराक जाने से रोका गया है, जो कि आईएसआईएस में शामिल होकर जिहाद करना चाहते थे। इन सभी की उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है, जो कि दुबई और तुर्की के रास्ते इराक व सीरिया पहंुचना चाहते थे।
पुलिस ऐसे युवकों को जिहाद में शामिल होने से रोकने के लिए उनके माता-पिता का भी सहयोग मांग रही है। इससे पूर्व इराक में आतंकी संगठन आईएसआईएस के दुनिया भर के मुसलमानों से जिहाद में शामिल होने के आह्वान करने के बाद जानकारी में आया है कि भारत के युवा भी आईएसआईएस के मकड़जाल में फंस चुके हैं। पिछले दिनों मुंबई से इराक पहुंचे चार युवकों के आईएसआईएस में शामिल होने की खबर ने न केवल सुरक्षा एजेंसी, बल्कि भारत सरकार को भी सकते में डाल दिया है। चारों इराक उस समय गए हैं कि जब भारत सरकार और विदेश मंत्रालय द्वारा बार-बार वहां रहने वाले लोगों को भारत बुलाने का आह्वान किया जा रहा है। ऐसे में इन युवकों का इराक पहंुचना अपने आप में संदेहास्पद घटना है।
जानकारी के मुताबिक आरिफ एजाज, शाहीन फारूकी टांकी, फहद तनवीर शेख और अमन नईम टंडेल चारों को हवाई अड्डे पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में इराक की यात्रा करते पाया गया है। इनमें से
तीन इंजीनियर हैं, जबकि एक पढ़ाई कर
रहा है। इनमें से एक ने तो परिवार को पत्र लिखकर खुदा के काम के लिए जाने की बात लिखी है।
जांच एजेंसियों के मुताबिक इन्होंने 24 मई और 26 मई को अंतिम बार अपने घर फोन किया था तब उनके इराक के फालुजा और मोसुल में होने की लोकेशन पाई गई थी। इन चारों के इराक पहुंचने की घटना से एक बात स्पष्ट हो चुकी है कि भारत में भी इराक के संघर्ष में शामिल होने के लिए मुसलमान युवाओं से अपील की जा रही है।