|
अरविंद केजरीवाल की पार्टी में बगावत
अरविंद केजरीवाल की अगुआई वाली आम आदमी पार्टी (आप) के गठन के साल भर पूरे होने से पहले ही उसमें फूट पड़ती नजर आ रही है। 'आप' के नेता अशोक अरोड़ा की अगुआई में कार्यकर्ताओं के एक समूह ने पार्टी में विरोध का झंडा बुलंद करते हुए 'भारतीय आम आदमी परिवार' पार्टी (बाप) बना ली है। जब इस बारे में 'आप' की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य और प्रवक्ता मनीष सिसौदिया से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ऐसा सुनने में आया है कि कुछ कार्यकर्ताओं ने मिलकर एक पार्टी बना ली है। वे टिकट नहीं मिलने से नाराज थे। उन्हें समझना चाहिए कि 'आप' की उम्मीदवार चयन समिति ने ही उम्मीदवारों का चयन किया है, जिन्हें योग्य पाया गया उन्हें टिकट दिया गया। सिसौदिया ने कहा कि अलग हुए कार्यकर्ताओं की नाराजगी खत्म करने के लिए 'आप' की ओर से कोशिश जारी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता योगेंद्र यादव को बागी कार्यकर्ताओं से बात करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। 'आप' के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने बताया कि नाराज हुए कार्यकर्ताओं की शिकायतें कई बार सुनी जा चुकी हैं।










