|
कट्टरवादियों से अपनी जान बचाकर किसी प्रकार भारत पहुंचे पाकिस्तानी विस्थापित हिन्दुओं का दु:ख-दर्द बांटने तथा उनके साथ अपनी खुशियां साझा करने के उद्देश्य से गत 11 नवंबर को विश्व हिन्दू परिषद ने नई दिल्ली स्थित मजनूं के टीले पर दीपावली मंगल मिलन कार्यक्रम आयोजित किया तथा उन परिवारों के साथ सामूहिक यज्ञ, सत्संग व भजन किया।
विश्व हिन्दू परिषद की ओर से विस्थापित हिन्दुओं को नवीन वस्त्र, फल, मिठाई व खील-खिलौने बांटे गए तथा दक्षिणी दिल्ली स्थित आर्य समाज संत नगर द्वारा यज्ञ व सत्संग का आयोजन किया गया। यज्ञ में पाकिस्तान के सिंध प्रान्त के श्री मिठ्ठूमल बागड़ी व श्रीमती रुक्मिणी देवी मुख्य यजमान बने तथा नन्हे-मुन्ने बच्चों सहित सभी परिवारों ने यज्ञ में आहुतियां दीं।
विहिप दिल्ली के उपाध्यक्ष श्री बृजमोहन सेठी ने इस अवसर पर कहा कि जब तक विश्व में कोई भी हिन्दू पीड़ित रहेगा तब तक हमारा दीपावली मनाना सार्थक नहीं होगा। उन्होंने भारत सरकार से मांग की कि वह भारतीय उप महाद्वीप में रह रहे समस्त हिन्दुओं को नेहरू-लियाकत समझौते के तहत सुरक्षा, सुविधा व आत्मसम्मान के साथ जीने का अवसर उपलब्ध कराए तथा भारत आए पीड़ित लोगों को यहां की नागरिकता प्रदान करे। कार्यक्रम में विहिप दिल्ली के संगठन मंत्री श्री करुणा प्रकाश, उपाध्यक्ष श्री महावीर प्रसाद गुप्ता, मीडिया प्रभारी श्री विनोद बंसल, द्वारका जिला मंत्री श्री कमलेश शुक्ला व प्रखण्ड मंत्री श्री राज कुमार सहित विहिप व आर्य समाज के अनेक गण्यमान्य जन उपस्थित थे। प्रतिनिधि
कोलकाता में होगा 'विवेकानंद युवा शिविर'
विवेकानंद सार्धशती के उपलक्ष्य में आगामी 11 जनवरी, 2013 को कोलकाता (प.बं.) में तीन दिवसीय 'विवेकानंद युवा शिविर- 2013' का आयोजन होगा। जिस स्थान (कल्यानी गयेशपुर गोशाला मैदान) पर यह शिविर लगना निश्चित हुआ है, उस स्थान का भूमि पूजन कार्यक्रम गत दिनों सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में रा.स्व.संघ के सरकार्यवाह श्री सुरेशराव उपाख्य भैयाजी जोशी, पूर्व क्षेत्र के क्षेत्र संघचालक श्री रणेन्द्रलाल बंद्योपाध्याय, दक्षिण बंग प्रांत प्रचारक श्री अतुल कुमार विश्वास सहित करीब 250 स्वयंसेवक उपस्थित थे। साथ ही बड़ी संख्या में मातृशक्ति तथा संघ के प्रशंसक भी मौजूद थे।
भूमि पूजन के पश्चात श्री भैयाजी जोशी ने कहा कि शिविर का आयोजन विवेकानंद सार्धशती के उपलक्ष्य में तो किया ही जा रहा है, इसके अलावा प. बंगाल में संघ के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भी है। प्रतिनिधि
छात्रों–प्राध्यापकों संग मनाई दिवाली
दिल्ली स्थित जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में गत 12 नवंबर को दिवाली मिलन कार्यक्रम संपन्न हुआ। 'सेंटर फॉर ह्यूमन राइट्स एंड जस्टिस' के तत्वावधान में संपन्न हुए कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्राध्यापक तथा छात्रों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र भी उपस्थित थे। इस अवसर पर संस्था को शुरू करने वाले रा.स्व.संघ के पश्चिम क्षेत्र के सह क्षेत्र सम्पर्क प्रमुख श्री सुरेश जैन भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में छात्रों तथा प्राध्यापकों ने मिलकर दीप जलाए तथा कार्यक्रम स्थल को रोशनी से जगमगा दिया। इसके बाद श्री जैन ने संस्था के दिल्ली अध्यक्ष के रूप में विश्वविद्यालय के प्राध्यापक डा. अश्विनी महापात्र की घोषणा की। डा. महापात्र ने इस अवसर पर कहा कि संगठन के कार्य को बढ़ाने का वह पूरा प्रयास करेंगे। हर स्तर पर समितियों का गठन किया जाएगा।
अपने उद्बोधन में श्री सुरेश ने कहा कि 'सेंटर फॉर ह्यूमन राइट्स एंड जस्टिस' का गठन इसलिए किया गया है ताकि हर व्यक्ति को न्याय मिल सके। कानूनी सलाह के अभाव में अनेक लोग न्याय से वंचित रह जाते हैं।प्रतिनिधि
भारत प्रकाशन (दिल्ली) लिमिटेड में सेवारत
कल्पूराम सेवानिवृत्त
35 वर्ष तक भारत प्रकाशन (दिल्ली) लिमिटेड में सेवारत रहे श्री कल्पूराम गत 31 अक्तूबर को संस्थान से सेवानिवृत्त हो गए। सन 1952 में आजमगढ़ (उ.प्र.) के मदियापुर गांव में जन्मे श्री कल्पूराम 1977 में भारत प्रकाशन से जुड़े। पाञ्चजन्य/आर्गनाइजर के प्रसार विभाग में लिपिक, वरिष्ठ लिपिक एवं मुख्य लिपिक तक की यात्रा पूर्ण कर जब वे सेवा मुक्त हुए तो सभी सहयोगियों ने उनके शांत-सौम्य व्यवहार का बार-बार स्मरण किया। उनकी सेवानिवृति के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में भारत प्रकाशन के निदेशक श्री नंद किशोर गर्ग, पाञ्चजन्य के संपादक श्री बल्देव भाई शर्मा व महाप्रबंधक श्री जितेन्द्र मेहता ने उन्हें भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही संस्थान के अन्य सभी सहयोगियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा संस्थान व सहयोगियों की ओर से उन्हें उपहार भी भेंट किए गए। प्रतिनिधि











