मैसूर स्थित अवधूत दत्त पीठम के संस्थापक परमपूज्य श्री गणपति सच्चिदानंद स्वामीजी के दिव्य मार्गदर्शन और नेतृत्व में गत 3 अगस्त को अमेरिका के टेक्सास राज्य के डलास स्थित क्यूटेक्स ऑडिटोरियम में संपूर्ण श्रीमद्भगवद्गीता पारायण का एक ऐतिहासिक एवं भव्य सामूहिक आयोजन संपन्न हुआ। यह आयोजन स्वामीजी की अमेरिका में 50 वर्ष की स्वर्णिम आध्यात्मिक यात्रा के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला का प्रमुख अंग था।
इस विराट आध्यात्मिक आयोजन में विश्व के 18 देशों से आए भक्तों, हजारों विद्यार्थियों तथा अनेक प्रतिष्ठित स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की। 10,000 भक्तों ने कंठस्थ संपूर्ण श्रीमद्भगवद्गीता के 700 श्लोक का सामूहिक पारायण किया, जिससे पूरा ऑडिटोरियम भक्तिमय वातावरण और दिव्य आध्यात्मिक ऊर्जा से गुंजायमान हो उठा। इस आयोजन का मूल उद्देश्य ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ अर्थात् संपूर्ण विश्व एक परिवार है, इस सनातन जीवन दृष्टिकोण को आत्मसात करना था।
अपने आशीर्वचन में परमपूज्य श्री गणपति सच्चिदानंद स्वामीजी ने ‘ईश्वर भारत का भला करे, ईश्वर अमेरिका का भला करे, और ईश्वर विश्व का भला करे’ का प्रेरणादायी संदेश देते हुए कहा कि अमेरिका में रहने वाले प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है कि वह भारत और अमेरिका के संबंधों को आध्यात्मिक मूल्यों, सांस्कृतिक समन्वय और मानवीय सद्भाव के माध्यम से नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाए। इस अवसर पर स्वामीजी ने ‘विश्व शांति के लिए प्रार्थना’ का विशेष आयोजन किया और कहा कि यह श्रीमद्भगवद्गीता पारायण प्रत्येक परिवार की शांति, कल्याण, सामाजिक सद्भाव तथा संपूर्ण विश्व के मंगल और विश्व शांति की भावना से किया गया।

















