देहरादून जिले के विकासनगर में तिब्बती समुदाय ने गुरुवार को तिब्बत की आज़ादी और मानवाधिकारों के समर्थन में एक बड़ी शांतिपूर्ण रैली की। रैली हरबर्टपुर से शुरू होकर विकासनगर स्थित त्रिशला देवी मंदिर तक पहुंची। रैली में बड़ी संख्या में तिब्बती समुदाय के महिला, पुरुष और युवाओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने तिब्बत की स्वतंत्रता के समर्थन में नारे लगाए और विश्व समुदाय से तिब्बत के मुद्दे पर सकारात्मक एवं प्रभावी पहल करने की अपील की।
नैनीताल-देहरादून में भी प्रदर्शन
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने तिब्बत में मानवाधिकारों की रक्षा, सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने और तिब्बती लोगों के अधिकारों के सम्मान की मांग उठाई। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई। ऐसे ही आंदोलन नैनीताल और देहरादून में भी तिब्बत बौद्ध समाज द्वारा किए गए।
















