मध्य प्रदेश

रोहित बनकर हिंदू युवती से ऑनलाइन दोस्ती करने वाले अनस खान को बजरंग दल ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

आरोपी गाजियाबाद का रहने वाला है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में वह अपना जुर्म कबूल करते हुए दिखाई दे रहा है।

Published by
सुनीता मिश्रा

मध्य प्रदेश के इंदौर से लव जिहाद का मामला सामने आया है। ऑनलाइन ऐप के जरिए पहचान छिपाकर हिंदू युवती से दोस्ती करने वाले अनस खान को बजरंग दल ने पकड़कर पुलिस के सौंप दिया है। आरोपी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का रहने वाला है। सोशल मीडिया पर उसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपना जुर्म कबूल करते हुए दिखाई दे रहा है। अनस ने बताया कि वह गाजियाबाद का रहने वाला है और काम के सिलसिले में सोमवार शाम वह युवती से मिलने इंदौर पहुंचा था।

यहां बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वायरल वीडियो में आरोपी को यह कहते हुए भी सुना गया, ”लव जिहाद पाप है, बजरंग दल हमारा बाप है।” इस दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अनस से कहा कि आज के बाद तुम हिंदू लड़कियों के साथ लव जिहाद नहीं करोगे। तुम्हे जो भी करना है अपने मजहब की लड़कियों के साथ करो। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।

बजरंग दल ने आरोपी को पुलिस को सौंपा

बजरंग दल के संयोजक प्रवीण दरेकर का कहना है कि सोमवार (19 अक्टूबर) शाम आरोपी युवती से मिलने इंदौर पहुंचा था। दोनों मेरियट होटल के पास मौजूद थे। उन्हें दोनों के होटल के बाहर घूमने और कमरा तलाशने की सूचना मिली थी। इसके बाद प्रवीण दरेकर ने स्थानीय कार्यकर्ताओं को मामले की जानकारी लेने को कहा। कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर दोनों से पूछताछ की और उन्हें थाने ले जाकर पुलिस को सौंप दिया गया। बजरंग दल के अनुसार पूछताछ में युवक ने अपना नाम अनस खान, निवासी गाजियाबाद बताया है। संगठन का दावा है कि युवक इंदौर में युवती से मिलने आया था और दोनों होटल की तलाश कर रहे थे।

ऑनलाइन ऐप पर रोहित बनकर की थी दोस्ती

बजरंग दल के अनुसार युवती राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के एक गांव की रहने वाली है। फिलहाल वह इंदौर के गौरीनगर क्षेत्र में अपनी बहन के साथ रहती है। उसने बताया कि वह तलाकशुदा है और बहन के यहां रहकर ब्यूटी पार्लर का कोर्स कर रही है। युवती का कहना है कि उसकी पहचान युवक से एक ऑनलाइन ऐप के माध्यम से हुई थी। उसने आरोप लगाया कि मुस्लिम युवक ने बातचीत के दौरान उसे अपना नाम रोहित बताया।

Share