आइची-नागोया में आयोजित पैरा एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 स्पर्धा में मोना ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि अवनि लेखरा ने रजत पदक अपने नाम किया। दोनों भारतीय खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जिसमें मोना ने अंतिम दौर में बाजी मार ली। फाइनल में मोना ने 250.0 अंक हासिल किए, जबकि अवनि लेखरा 249.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। दोनों के बीच महज 0.4 अंकों का अंतर रहा। मुकाबले के अंतिम क्षणों तक स्वर्ण पदक के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला।
अंतिम दौर में मोना ने बनाई बढ़त
फाइनल की शुरुआत अवनि लेखरा ने शानदार अंदाज में की। उन्होंने शुरुआती सीरीज में 53.2 अंक हासिल कर बढ़त बनाई। दूसरी सीरीज़ के बाद 104.8 अंकों के साथ अवनि शीर्ष स्थान पर बनी हुई थीं, जबकि मोना 102.9 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर थीं। इसके बाद मोना ने शानदार वापसी करते हुए अंकों के अंतर को कम करना शुरू किया। तीसरी सीरीज़ के दूसरे चरण में अवनि 167.2 अंकों के साथ बढ़त बनाए हुए थीं, जबकि मोना 165.7 अंकों के साथ उनके करीब पहुंच गई थीं। हालांकि, अंतिम सीरीज में मोना ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए बढ़त हासिल की और स्वर्ण पदक जीत लिया।
यह भी पढ़ें- शीतल देवी ने तीरंदाजी में रचा इतिहास, 704 अंक हासिल कर की वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी; पायल नाग ने भी किया कमाल
क्वालिफिकेशन में भी मोना का शानदार प्रदर्शन
क्वालिफिकेशन राउंड में मोना ने 629.1 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया था। वहीं, अवनि लेखरा 626.4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही थीं। फाइनल में भी दोनों खिलाड़ियों ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा, लेकिन निर्णायक क्षणों में मोना आगे निकल गईं। दो बार की पैरालंपिक पदक विजेता अवनि लेखरा ने रजत पदक जीतकर भारत की पदक तालिका में एक और उपलब्धि जोड़ी। वहीं, मोना का स्वर्ण पदक भारतीय पैरा निशानेबाजी के लिए महत्वपूर्ण सफलता है। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय निशानेबाजी की मजबूती को दर्शाया।










