भारत

राहुल गांधी ने गर्भवती पत्रकार को धक्का मारकर गिराया, बीजेपी का बड़ा आरोप; ऋचा पाराशर अस्पताल में भर्ती

कांग्रेस की अगुवाई में सुप्रीम कोर्ट मार्च के दौरान राहुल गांधी पर प्रेग्नेंट पत्रकार ऋचा पाराशर को धक्का देने का आरोप। बीजेपी नेताओं का बयान और पत्रकार का अपना पक्ष जानें।

Published by
कुलदीप सिंह

कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष के सुप्रीम कोर्ट मार्च के बाद बीजेपी नेताओं ने एक महिला पत्रकार के साथ बदसलूकी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि राहुल गांधी ने एक प्रेग्नेंट पत्रकार को धक्का दिया, जिससे वह गिर गईं और चोटिल हो गईं। पत्रकार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बीजेपी नेताओं ने क्या कहा

बीजेपी विधायक उमंग बजाज ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने प्रेग्नेंट पत्रकार के साथ बदसलूकी की। उन्होंने बताया कि स्थानीय विधायक होने के नाते वह अस्पताल पहुंचे, पत्रकार ऋचा पाराशर का हाल-चाल पूछा और उन्हें भर्ती करवाया। बजाज ने कहा कि अगर कोई पत्रकार सवाल पूछता है तो जवाब देना चाहिए, न कि उसे जमीन पर गिराना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकार सिर्फ अपना काम कर रही थीं।

बीजेपी नेता राजेश भाटिया ने बताया कि करीब 8 या 8.30 बजे उनके राजेंद्र नगर ऑफिस पर एक महिला आई। उसने कहा कि उसकी बहन पत्रकार हैं, राहुल गांधी ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया है, वह प्रेग्नेंट हैं और चोटिल हैं। उन्हें इलाज की जरूरत है। बीजेपी नेता प्रदीप भंडारी ने कहा कि ऋचा पाराशर तीन महीने की प्रेग्नेंट हैं। वह भी अस्पताल में उनसे मिलने पहुंचे।

इसे भी पढ़ें: छात्राओं का यौन शोषण करने वाले कांग्रेस सांसद और JNU प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ केस दर्ज 

पत्रकार ने खुद क्या बताया

पत्रकार ऋचा पाराशर ने कहा कि वह सुप्रीम कोर्ट के अंदर गेट के पास खड़ी थीं। उनका इरादा था कि जब राहुल गांधी निकलें तो उनकी बाइट ले लें। उन्होंने बताया कि वह कोई इन्फ्लुएंसर नहीं हैं। जब राहुल गांधी आए तो उन्होंने माइक बढ़ाया। राहुल गांधी ने उनका माइक हटा दिया। जब दूसरे लोग माइक लगाने लगे तो उन्होंने फिर से लगाया। उनके कैमरामैन पीछे थे। पत्रकार के मुताबिक राहुल गांधी ने उनका हाथ पकड़ा और आगे की तरफ खींचा। फिर उनके बॉडीगार्ड्स ने खींचकर धक्का दे दिया। वह मुंह के बल सीढ़ियों पर गिर गईं। उन्होंने कहा कि सबसे पहले राहुल गांधी ने उन्हें पकड़ा था और इसका वीडियो भी है। राहुल गांधी ने उनके कैमरा पर्सन को भी धक्का दिया। उनका फोन भी टूट गया।

पत्रकार ने बताया कि वह बोल रही थीं कि उन्हें धक्का मत दीजिए। वह कोई गुंडा-मवाली नहीं हैं। गिरने के बाद उनके ऊपर चार-पांच लोग गिर गए। आसपास के लोग जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। वह किनारे बैठ गईं लेकिन कोई उनके पास नहीं आया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी उन्हें जानते भी नहीं हैं।

उनके पति और बहन पहुंचे। गर्दन और हाथ में चोट लगी है। पूरे शरीर में दर्द हो रहा है। डॉक्टर ने कहा कि अभी अस्पताल में रहना होगा। इस पूरे घटनाक्रम में कांग्रेस की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में राहुल गांधी के आसपास काफी भीड़ दिख रही है।

Share

Recent News