उत्तराखंड

पीएम मोदी का केदारनाथ और टिहरी दौरा तय, 20-25 अक्टूबर के बीच आ सकते हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी महीने केदारनाथ और टिहरी के दौरे पर आ सकते हैं। 20-25 अक्टूबर के बीच दौरा संभावित। जानें पूरी तैयारियां और कार्यक्रम।

Published by
उत्तराखंड ब्यूरो

देहरादून: एक बार फिर पीएम नरेन्द्र मोदी का उत्तराखंड दौरा तय होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी महीने केदारनाथ और टिहरी के दौरे पर आ सकते हैं। सरकारी सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है।

हालांकि, पीएमओ ने अभी तारीख तय नहीं की है, लेकिन कार्यक्रम को हरी झंडी दे दी गई है। माना जा रहा है 20 से 25 अक्टूबर के बीच पीएम उत्तराखंड आ सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक, 11,755 फीट की ऊंचाई पर स्थित केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, पीएम इस दौरे में बाबा केदार के दर्शन के साथ ही अपने ड्रीम प्रोजेक्ट केदारनाथ मास्टर प्लान के कार्यों का निरीक्षण करेंगे और गौरीकुंड से केदारनाथ रोपवे परियोजना के डीपीआर की जानकारी भी लेंगे। 2014 के बाद बतौर पीएम यह उनका सातवां केदारनाथ दौरा होगा। अधिकारियों के मुताबिक एसपीजी की टीम ने केदारनाथ का निरीक्षण कर सुरक्षा रिपोर्ट दे दी है।

केदारनाथ के बाद पीएम टिहरी जाकर टीएचडीसी के 1,000 मेगावाट के पंप स्टोरेज पावर प्लांट का उद्घाटन भी कर सकते हैं और प्रदेश को कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड की पवित्र भूमि और बाबा केदार के प्रति आत्मीय, अटूट और आध्यात्मिक लगाव है। जब भी वो केदारपुरी आते हैं तो पूरा धाम नई ऊर्जा से भर जाता है।

युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू

प्रस्तावित दौरे को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए राज्य सरकार, जिला प्रशासन और मंदिर समिति ने युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। केदारनाथ मंदिर प्रांगण और पूरी केदारपुरी को दिव्य पुष्पों, भव्य तोरण द्वारों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाने की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।

प्रधानमंत्री का केदारनाथ से विशेष लगाव माना जाता है। कहा जाता है कि पीएम ने बाबा केदार से जो मांगा वो पूरा हुआ, इसलिए वो भोले के बुलावे पर खिंचे चले आते हैं। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले उनका यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है।

Share

Recent News