दिल्ली

‘भारत को नेपाल और बांग्लादेश नहीं बनने दूंगा’, कश्मीरी युवक को कांग्रेस समर्थकों ने पीटा, वीडियो वायरल

Published by
सुनीता मिश्रा

दिल्ली के कनॉट प्लेस में कांग्रेस समर्थकों द्वारा एक कश्मीरी युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। जिस शख्स की पिटाई की गई उसका नाम फहीम नजीर है। यह घटना गुरुवार (8 अक्टूबर) को उस समय हुई जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विपक्षी गठबंधन (INDIA Bloc) के नेताओं को वहां दोपहर के भोजन पर आमंत्रित किया था। सोशल मीडिया पर युवक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में कांग्रेस समर्थकों द्वारा युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते हुए देखा जा सकता है। वह भावुक होकर मीडियाकर्मियों से कहता है, “मैं कश्मीर के श्रीनगर का रहना वाला हूं। पीएम नरेंद्र मोदी का फैन हूं। आप सभी के पास फुटेज है। मैंने राहुल गांधी को गाली नहीं दी, लेकिन मुझे बुरी तरह पीटा गया। मैंने तो बस अपनी आवाज उठाई। मैं लगातार देश को समझाने की पहल कर रहा हूं। यह पहल इसलिए की है ताकि देश को यह समझ आ सके कि भारत को नेपाल, बांग्लादेश जैसा बनाने की साजिश चल रही है। मैं इस देश का नागरिक हूं। यह मेरी जिम्मेदारी है कि मैं देश को नेपाल और बांग्लादेश नहीं बनने दूंगा।”

फहीम नजीर ने कहा- राहुल गांधी से सवाल पूछे जाने चाहिए

कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पिटाई से आक्रोशित फहीम नजीर ने आगे कहा कि राहुल गांधी से सवाल पूछे जाने चाहिए। यह अभिव्यक्ति की आजादी है। उसने ये भी कहा कि जब विपक्ष चुनाव जीत जाता है तो ईवीएम में खराबी नहीं होती है, लेकिन जब हार जाता है तो ईवीएम पर सवाल उठाया जाता है। ईवीएम लाया किसने? साल 1998 में राजीव गांधी पहली बार ईवीएम लेकर आए थे।

फहीम नजीर ने आगे कहा कि भारत में लोकतंत्र है। क्या ऐसे किसी को मारा जाता है। उन्होंने मेरे साथ बहुत मारपीट की। मैंने राहुल गांधी को गाली नहीं दी, फिर भी मेरे साथ मारपीट की गई। मैं फिर भी यही कहूंगा कि देश को नेपाल नहीं बनने देना है।

कनॉट प्लेस में हुई घटना

यह पूरा घटनाक्रम दिल्ली के कनॉट प्लेस से सामने आया है। यहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को मोएट्स (Moets Connaught Place) में इंडिया ब्लॉक के नेताओं के लिए लंच का आयोजन किया। इसी दौरान एक शख्स वहां पहुंचा और मोदी सरकार की तारीफ करने लगा, जिसके बाद भड़के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कश्मीरी मुस्लिम युवक की पिटाई कर दी। उन्होंने युवक पर राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करने का आरोप लगाया। यह लगातार दूसरे दिन विपक्षी नेताओं की बैठक रही। इससे पहले बुधवार (7 अक्टूबर) को राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी नेताओं ने प्रदर्शन किया था। नेताओं का काफिला जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई इंडिया ब्लॉक नेताओं को हिरासत में लिया गया था। राहुल गांधी ने कहा था कि विपक्ष का प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते।

 

Share

Recent News