
अनुष्का शर्मा और विराट कोहली
वृंदावन के प्रेमानंद महाराज के आश्रम को लेकर चल रहे विवाद के बीच भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली का नाम भी चर्चा में आ गया है। फेक न्यूज फैलाई गई कि विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा ने राधा केली कुंज आश्रम में जाने के लिए कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये लिए थे। विराट कोहली की टीम ने इस झूठे दावे पर प्रतिक्रिया दी है।
कोहली की टीम की ओर से जारी बयान में कहा गया कि श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष फलाहारी महाराज, जिन्हें दिनेश शर्मा के नाम से भी जाना जाता है, ने विराट कोहली को लेकर जो दावे किए हैं, वे पूरी तरह झूठे, बेबुनियाद और तथ्यात्मक रूप से गलत हैं। टीम ने साफ किया कि विराट कोहली प्रेमानंद महाराज से अपनी आस्था और श्रद्धा के कारण मिलने जाते हैं। टीम ने अपने बयान में मीडिया से भी अपील की कि ऐसे आरोपों को आगे बढ़ाने या प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की जांच की जाए। अब तक ऐसा कोई प्रमाण सामने नहीं आया है, जिससे यह साबित हो कि विराट कोहली या अनुष्का शर्मा ने आश्रम जाने के लिए कोई रकम ली थी। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने 4 जनवरी 2023 को पहली बार वृंदावन स्थित राधा केली कुंज आश्रम का दौरा किया था। इसके बाद दोनों कई बार प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंचे। विराट के टी20 इंटरनेशनल से संन्यास लेने के बाद भी आश्रम के प्रति उनकी आस्था बनी रही और उनका वहां आना जारी रहा।
आश्रम से जुड़ा विवाद उस समय ज्यादा चर्चा में आया, जब प्रेमानंद महाराज के एक शिष्य रसिक दुलारी की मौत हो गई। बताया गया कि 25 सितंबर को उन्होंने आश्रम की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी थी। मथुरा पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं रसिक दुलारी किसी मानसिक परेशानी या अवसाद से तो नहीं गुजर रहे थे। जांच के तहत उनके पुराने मोबाइल फोन, नए सिम कार्ड, कॉल डिटेल, चैट और अन्य डिजिटल सबूतों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस अब तक मामले से जुड़े करीब 85 लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। फिलहाल, विराट कोहली से जुड़े 5 करोड़ रुपये के दावे पर उनकी टीम ने साफ कर दिया है कि आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।