दिल्ली में आज 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी ( CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर दी है। दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन यानी एसआईआर में कथित गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर यह विरोध प्रदर्शन बुलाने की बात कही जा रही थी।
पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाई, धारा 163 लागू
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर इलाके में बैरिकेड्स लगा दिए हैं। जंतर-मंतर रोड को ट्रैफिक के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इलाके के आसपास सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। जंतर-मंतर पर भारतीय न्याय संहिता यानी बीएनएस की धारा 163 लागू कर दी गई है। इस धारा के तहत इलाके में सड़क यातायात बंद रखा गया है।
जंतर-मंतर जाने वाले रास्तों पर कई लेयर वाली बैरिकेडिंग की गई है। विरोध प्रदर्शन वाली जगह, टॉल्स्टॉय मार्ग और केरल भवन को दोनों तरफ से ब्लॉक कर दिया गया है। अशोक रोड के पास भी बैरिकेडिंग की गई है। सेंट्रल दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
प्रदर्शन कौन बुला रहा था
यह विरोध प्रदर्शन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन यानी एआईएसए, राज्यसभा सांसद मनोज झा और सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण ने बुलाया था। वोटर लिस्ट और चुनाव कराने के तरीके में गड़बड़ियों के आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग की जा रही थी। दिल्ली पुलिस ने इस प्रस्तावित प्रदर्शन को मंजूरी नहीं दी।
मेट्रो के 11 स्टेशन बंद
आम आदमी पार्टी और स्टूडेंट यूनियनों के विरोध प्रदर्शन की वजह से दिल्ली मेट्रो के 11 स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद रखने का फैसला लिया गया है। ये स्टेशन अगली सूचना तक बंद रहेंगे।
बंद रहने वाले स्टेशन हैं
जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली।
हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस, आईएनए, नई दिल्ली और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यात्री इन स्टेशनों पर ट्रेन बदल सकते हैं, लेकिन बाहर निकलने या अंदर आने की अनुमति नहीं होगी।
सुरक्षा बल तैनात
इस पूरे मामले को देखते हुए जंतर-मंतर इलाके में करीब पांच हजार जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ये कदम उठाए गए हैं। प्रदर्शन की अनुमति न मिलने के बावजूद इलाके में भारी सुरक्षा बल मौजूद है। दिल्ली पुलिस के इन फैसलों से राजधानी के इस महत्वपूर्ण इलाके में आवाजाही प्रभावित हुई है। मेट्रो यात्री और सड़क पर आने-जाने वाले लोगों को भी इन बंदिशों का सामना करना पड़ रहा है।
















