भारत

आज का मौसम: बारिश से बेहाल कई राज्य, पहाड़ों पर बर्फबारी; दिल्ली-UP से बिहार तक जानें मौसम का हाल

उत्तर भारत से लेकर मध्य और दक्षिण भारत तक कई राज्यों में बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। ऐसे में आने वाले कुछ दिन कई इलाकों के लिए मौसम के लिहाज से अहम रहने वाले हैं।

Published by
Mahak Singh

देश के कई हिस्सों में सितंबर के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल गया है। कहीं लगातार बारिश से जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन रहे हैं, तो पहाड़ी इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी ने ठंड बढ़ा दी है। उत्तर भारत से लेकर मध्य और दक्षिण भारत तक कई राज्यों में बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। ऐसे में आने वाले कुछ दिन कई इलाकों के लिए मौसम के लिहाज से अहम रहने वाले हैं।

कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, मराठवाड़ा, कोंकण-गोवा, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक और केरल में यलो अलर्ट है। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। 28 सितंबर को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र में बारिश का अलर्ट रहेगा। वहीं 29 सितंबर को जम्मू-कश्मीर, असम, मेघालय, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, रायलसीमा और तटीय आंध्र प्रदेश में बारिश की संभावना है। कर्नाटक में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।दिल्ली-एनसीआर में शनिवार शाम हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हुआ है। अगले कुछ दिनों में भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कई जिलों में जलभराव और बाढ़ का खतरा बना हुआ है। तेज हवाओं के कारण पेड़ और बिजली के पोल गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। बारिश के चलते कानपुर-इटावा हाईवे का एक हिस्सा धंसने से यातायात प्रभावित हुआ है।

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में पहली बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड में भी लगातार बारिश के कारण चारधाम यात्रा को 26 और 27 सितंबर के लिए रोक दिया गया है। ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। बिहार में लगातार बारिश और नेपाल के तराई क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण गंडक और कोसी जैसी नदियों का जलस्तर बढ़ा है। कई गांव बाढ़ के पानी से घिर गए हैं और लोगों को आने-जाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी हैं। देश के कई हिस्सों में मौसम अभी भी सक्रिय बना हुआ है। ऐसे में लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखनी चाहिए और भारी बारिश या तेज हवाओं की चेतावनी वाले इलाकों में सावधानी बरतनी चाहिए।

Share

Recent News