गुवाहाटी। असम के गुवाहाटी स्थित गुवाहाटी यूनिवर्सिटी की 22 वर्षीय सोशियोलॉजी की छात्रा निमिषा ठाकुरिया की शहर के बाहरी इलाके गराल स्थित एक होमस्टे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. इस सनसनीखेज घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने मृतका के साथ ठहरे 26 वर्षीय बॉयफ्रेंड आसिफ अली को गिरफ्तार कर लिया है. प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है.
गुवाहाटी वेस्ट के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) बोलिन देओरी के अनुसार, इस घटना की सूचना धारापुर स्थित एक स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से मिली थी, जहां छात्रा को बेहोशी की हालत में लाया गया था. इसके बाद उसे तुरंत गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
“मां, वे मुझे मार डालेंगे…” – अंतिम कॉल का खुलासा
मृतका के परिवार के एक दोस्त गौतम दास ने इस मामले में एक बेहद सनसनीखेज खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि निमिषा शाम 5 बजे घर से अपनी सहेली के पास जाने की बात कहकर निकली थी. रात करीब 10 बजे उसने परिवार को फोन कर बताया था कि वह अपनी दोस्त के घर ही रुकेगी.
“रात करीब 2 बजे निमिषा ने अपनी मां को फोन किया। वह रो रही थी और उसने बार-बार कहा— ‘मां, वे मुझे मार डालेंगे’। इसके तुरंत बाद उसका फोन छीन लिया गया और संपर्क पूरी तरह टूट गया।” – गौतम दास, पारिवारिक मित्र
घबराए हुए परिजन तुरंत आजारा पुलिस स्टेशन पहुंचे. इसी बीच पुलिस को स्वास्थ्य केंद्र से एक लड़की के भर्ती होने की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार GMCH पहुंचा, जहां उन्हें इस अनहोनी का पता चला.
होमस्टे के कर्मचारियों ने सुनी थीं चिल्लाने की आवाजें
गराल स्थित उस होमस्टे के केयरटेकर और कुक बिपुल बाइलुंग ने घटना की रात का आंखों देखा हाल बयां किया है. उन्होंने बताया कि रात में उन्होंने एक पुरुष की चिल्लाने की आवाज सुनी, जो कह रहा था— ‘दादा, उठो, उठो’.
जांच और पुलिस कार्रवाई के मुख्य बिंदु:
- कर्मचारियों के बयान: जब केयरटेकर आवाज की दिशा में गए, तो कमरे में एक लड़का लड़की के शरीर को पकड़े हुए था और लड़की फर्श पर पड़ी थी। दोनों ने पहले भी उसी होमस्टे का कमरा नंबर 10 बुक किया था।
- पुलिस का पक्ष: डीसीपी बोलिन देओरी का कहना है कि मौके पर या शव पर खून के निशान नहीं मिले हैं। आरोपी के आत्महत्या के दावे पर यकीन नहीं है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
- तनाव और प्रदर्शन: मृतका लड़की हिंदू है और आरोपी युवक के मुस्लिम है। स्थानीय लोगों ‘लव जिहाद’ का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया।
फिलहाल पुलिस होमस्टे के मालिक, केयरटेकर और अन्य कर्मचारियों से लगातार पूछताछ कर रही है. इसके साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की तह तक जाने का प्रयास किया जा रहा है.

















