भारत

Asian Games 2026: भारत का कबड्डी में डबल धमाका, पहले बेटियों ने जीता गोल्ड, फिर पुरुष टीम ने ईरान को हराकर रचा इतिहास

पहले भारतीय महिला टीम ने ईरान को हराकर गोल्ड मेडल जीता। इसके बाद पुरुष टीम ने भी फाइनल में ईरान को 40-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

Published by
Mahak Singh

जापान के नागोया में चल रहे एशियाई खेलों में शनिवार का दिन भारत के लिए बेहद खास रहा। कबड्डी में भारत को एक ही दिन दो बड़ी खुशियां मिलीं। पहले भारतीय महिला टीम ने ईरान को हराकर गोल्ड मेडल जीता। इसके बाद पुरुष टीम ने भी फाइनल में ईरान को 40-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। दोनों टीमों की जीत से भारतीय खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।

कबड्डी में भारत का डबल गोल्ड

पुरुष टीम के लिए यह जीत काफी खास रही। फाइनल मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही अच्छा खेल दिखाया और ईरान पर दबाव बनाए रखा। आखिर में भारत ने 40-34 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने एशियाई खेलों में अपना नौवां गोल्ड मेडल जीत लिया। कबड्डी पुरुष वर्ग को 1990 से एशियाई खेलों में शामिल किया गया है। तब से भारत ने इस खेल में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। भारत के अलावा सिर्फ ईरान ही पुरुष कबड्डी में गोल्ड जीतने वाली दूसरी टीम है। ईरान ने 2018 में खिताब जीता था। उस साल भारत को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा था।

इस बार भारतीय पुरुष टीम ने ग्रुप स्टेज से ही शानदार खेल दिखाया। भारत ने दक्षिण कोरिया, जापान, बांग्लादेश, चीनी ताइपे और थाईलैंड को हराया। सेमीफाइनल में भी भारत ने थाईलैंड को 66-28 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई थी। महिला टीम ने भी शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय महिलाओं ने फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर गोल्ड मेडल जीता। महिला कबड्डी को 2010 के ग्वांग्झू एशियाई खेलों में शामिल किया गया था। इसके बाद भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई बार खिताब अपने नाम किया है। हालांकि 2018 में जकार्ता में भारत को फाइनल में ईरान से हार मिली थी। नागोया एशियाई खेलों में एक ही दिन महिला और पुरुष टीम का गोल्ड जीतना भारत के लिए बड़ी उपलब्धि है। दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाकर देश का नाम रोशन किया है।

Share