
MP Weather
मध्यप्रदेश में पिछले कुछ दिनों से बारिश से राहत मिली है तो कई इलाकों में मौसम सुहावना बना हुआ है। हालांकि, अब मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर प्रदेश में बारिश का दौर शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं। ऐसे में किसानों से लेकर आम लोगों तक की नजर एक बार फिर मौसम के मिजाज पर टिक गई है। बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया मौसम तंत्र प्रदेश में बारिश बढ़ा सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 23 सितंबर से मध्यप्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने लग सकती हैं। वहीं 24 सितंबर से कई जिलों में तेज बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
उत्तर अंडमान सागर के आसपास बना निम्न दबाव का क्षेत्र आगे बढ़ रहा है। इसके पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ने और मजबूत होने की संभावना है। 21 सितंबर के आसपास यह मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहरे निम्न दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। इसके बाद 22 सितंबर तक इसके और मजबूत होने का अनुमान है। इसी सिस्टम का असर मध्यप्रदेश के मौसम पर दिखाई देगा।
24 सितंबर को छतरपुर, सतना, दमोह, डिंडौरी, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल और हरदा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में रहने वाले लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है। मध्यप्रदेश में अब तक औसतन 33.9 इंच बारिश हुई है, जबकि सामान्य आंकड़ा 37.3 इंच है। यानी प्रदेश में अभी करीब 9 प्रतिशत बारिश की कमी है। जून में सामान्य से 14 प्रतिशत कम बारिश होने का असर अब भी कुल आंकड़ों में नजर आ रहा है। हालांकि, जुलाई और उसके बाद हुई अच्छी बारिश से स्थिति में सुधार हुआ है। अब सितंबर के आखिरी दिनों में होने वाली बारिश प्रदेश की कुल बारिश के आंकड़े को और बेहतर कर सकती है। साथ ही, जिन जिलों में अब तक बारिश कम हुई है, वहां भी लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।