अगर आपके घर में खाना बनाने के लिए LPG सिलेंडर आता है, तो यह खबर आपके काम की है। सरकार LPG सब्सिडी को लेकर एक जरूरी बदलाव करने जा रही है। 1 अक्टूबर 2026 से सब्सिडी वाले घरेलू LPG सिलेंडर की रिफिल बुक करने के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन जरूरी होगा। ऐसे में अगर आपने अभी तक आधार ऑथेंटिकेशन नहीं कराया है, तो इसे जल्द पूरा कर लेना बेहतर रहेगा। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मुताबिक, 19 सितंबर तक करीब 27.43 करोड़ सक्रिय LPG ग्राहक अपना ऑथेंटिकेशन करा चुके हैं। यानी करीब 89.9 फीसदी उपभोक्ता यह प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। अगर आपने भी पहले से अपना आधार ऑथेंटिकेशन कराया हुआ है, तो आपको दोबारा कुछ करने की जरूरत नहीं है। वहीं, जिन लोगों ने अभी तक यह काम नहीं किया है, उन्हें 1 अक्टूबर से पहले इसे पूरा कर लेना चाहिए।
ऑथेंटिकेशन नहीं कराया तो क्या होगा?
सबसे जरूरी बात यह है कि आधार ऑथेंटिकेशन नहीं कराने से आपका LPG कनेक्शन बंद नहीं होगा। आपको गैस सिलेंडर मिलता रहेगा। हालांकि, ऐसी स्थिति में आपको LPG सब्सिडी का फायदा नहीं मिलेगा और सिलेंडर बाजार भाव पर खरीदना पड़ सकता है। यानी अगर आपके परिवार को LPG पर सब्सिडी मिलती है, तो यह बदलाव सीधे आपके जेब के खर्च पर असर डाल सकता है। इसके लिए जरूरी नहीं कि आप गैस एजेंसी जाकर लंबी लाइन में खड़े हों। LPG सिलेंडर पहुंचाने वाला डिलीवरी कर्मचारी भी कंपनी के ऐप के जरिए आपका बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन कर सकता है। इसके अलावा गैस एजेंसी के शोरूम पर जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। स्मार्टफोन यूज करने वाले ग्राहक अपनी गैस कंपनी के ऐप से भी ऑथेंटिकेशन की सुविधा देख सकते हैं। इंडेन के लिए IndianOil One, भारतगैस के लिए Hello BPCL और HP गैस के लिए HP Pay ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है।
सरकार के मुताबिक, इस व्यवस्था का उद्देश्य LPG सब्सिडी का लाभ सही उपभोक्ताओं तक पहुंचाना और फर्जी या अयोग्य कनेक्शनों की पहचान करना है। इसलिए अगर आप सब्सिडी वाला LPG सिलेंडर लेते हैं, तो आखिरी समय का इंतजार न करें। 1 अक्टूबर से पहले अपना आधार ऑथेंटिकेशन जरूर जांच लें। अगर पहले से हो चुका है, तो चिंता की कोई बात नहीं है।











