हरियाणा के सोनीपत में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घर के बाहर अपनी बुआ की गोद में मौजूद महज 6 महीने के बच्चे पर अचानक एक पिटबुल कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे को नीचे गिराने के बाद उस पर हमला कर दिया। बच्चे को बचाने के लिए आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन कुत्ता उसे छोड़ने को तैयार नहीं था। काफी कोशिश के बाद बच्चे को उसके चंगुल से निकाला गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बुआ की गोद में था बच्चा
बताया जा रहा है कि बच्चा अपनी बुआ के साथ घर के बाहर था। बुआ उसे गोद में लेकर टहला रही थीं और एक घर के सामने खड़ी होकर कुछ लोगों से बात कर रही थीं। इसी दौरान अचानक घर का गेट खुला और पिटबुल तेजी से बाहर आया। कुत्ते ने सीधे महिला की गोद में मौजूद बच्चे पर झपट्टा मार दिया। अचानक हुए हमले से महिला घबरा गईं और बच्चा उनके हाथ से नीचे गिर गया। इसके बाद कुत्ते ने बच्चे को पकड़ लिया और उस पर हमला करता रहा। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत वहां पहुंचे। एक व्यक्ति ने कुत्ते को हटाने की कोशिश की, लेकिन वह बच्चे को छोड़ने के लिए तैयार नहीं था। इसके बाद कई लोग मौके पर पहुंचे और मिलकर कुत्ते को पीछे हटाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह बच्चे को कुत्ते से अलग किया गया। इसके बाद परिवार के लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।
https://twitter.com/AnkurSingh/status/2100638076108521967
पहले बच्चे को सोनीपत के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आगे के इलाज के लिए रोहतक रेफर कर दिया। फिलहाल बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में महिला बच्चे को गोद में लिए दिखाई देती हैं और अचानक पिटबुल उन पर झपटता नजर आता है। इसके बाद आसपास के लोग बच्चे को बचाने के लिए दौड़ते हैं। बताया जा रहा है कि परिवार की ओर से अभी तक पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत नहीं मिलने के कारण फिलहाल पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई है। घटना के बाद एक बार फिर पालतू कुत्तों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

















