भारत

Today Weather: 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 70 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; जानें आपके शहर का हाल

राजधानी दिल्ली में 18 सितंबर को भारी बारिश और तूफानी हवाओं की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Published by
Mahak Singh

देश के कई हिस्सों में मानसून की रफ्तार भले ही थोड़ी कम होती नजर आ रही हो, लेकिन बारिश का दौर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने 18 सितंबर को दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा समेत 16 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी चलने की भी आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक, कई जगहों पर हवाओं की रफ्तार 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को खुले इलाकों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। किसानों के लिए भी यह मौसम परेशानी बढ़ा सकता है, क्योंकि तेज हवाओं और बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है।

राजधानी दिल्ली में 18 सितंबर को भारी बारिश और तूफानी हवाओं की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बिहार के पटना, गया, भोजपुर, मधुबनी, दरभंगा, भागलपुर, पूर्णिया समेत कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मथुरा, प्रयागराज, गोरखपुर, आगरा, मेरठ और झांसी समेत कई जिलों में आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

पहाड़ी राज्यों में खास सावधानी

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ तेज हवाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। पहाड़ी इलाकों में बारिश के दौरान भूस्खलन और सड़कें बाधित होने जैसी दिक्कतें भी सामने आ सकती हैं। पश्चिम बंगाल और ओडिशा के समुद्री इलाकों में मछुआरों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं के दौरान समुद्र में जाने से बचने को कहा गया है। वहीं, ग्रामीण इलाकों में बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को पेड़ के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए। ऐसे मौसम में जरूरी होने पर ही बाहर निकलें, वाहन धीरे चलाएं और मौसम विभाग की स्थानीय चेतावनियों पर नजर रखें।

Share