छत्रपति शिवाजी महाराज की जन्मभूमि शिवनेरी किले को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया है। भाजपा नेता किरीट सोमैया का दावा है कि पिछले कुछ महीने से कट्टरपंथी किले के परिसर में दरगाह बना रहे हैं, जबकि विश्व धरोहर स्थल के परिसर में किले से 100 मीटर के संरक्षित क्षेत्र में किसी भी प्रकार की इमारत या अन्य निर्माण की अनुमति नहीं है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किरीट सोमैया ने शिवनेरी किले का वीडियो साझा किया है। वीडियो में भाजपा नेता कह रहे हैं, “शिवनेरी किला छत्रपति शिवाजी महाराज का जन्मस्थल है। किले के परिसर में कट्टरपंथियों ने हजरत शहीद अब्दुलहमीद (र.अ.) उर्फ पीर पहाड़ीवाले बाबा दरगाह शरीफ (कुसूर-जुन्नर) के नाम से एक दरगाह का निर्माण किया है।” उन्होंने इसे जमीन जिहाद का चौंकाने वाला मामला बताते हुए इसकी निंदा की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन अवैध निर्माण के खिलाफ तीन दिन में कार्रवाई नहीं करता है सभी हिंदू भक्त यहां आकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
किरीट सोमैया ने कहा कि जब यह अवैध निर्माण कार्य चल रहा था, तब पुरातत्व विभाग, वन विभाग, तहसीलदार और पुलिस प्रशासन क्या मूकदर्शक बने हुए थे। उन्होंने इसके खिलाफ समय रहते कोई कार्रवाई क्यों नहीं की?
हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने की थी शिकायत
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने तहसीलदार को ज्ञापन देकर दरगाह को हटाने की मांग की थी। उन्होंने किरीट सोमैया से भी शिकायत की थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए सोमैया ने सोमवार (7 सितंबर) को शिवनेरी किले के नीचे के इलाके का निरीक्षण किया। यह पता चलने पर कि यह अतिक्रमण शिवनेरी किले के सुरक्षित इलाके की सीमा में आ रहा है, सोमैया ने प्रशासन को आड़े हाथों लिया और उन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने अवैध निर्माण पर कोई कार्रवाई नहीं की, बल्कि मूकदर्शक बनकर यह सब देखता रहा।
















