काम की खबरें

FASTag यूजर्स के लिए बड़ी खुशखबरी! हाईवे पर ये काम करते ही मिलेंगे ₹1000, जानें NHAI की स्कीम

अगर सफर के दौरान आपको कोई गंदा पब्लिक टॉयलेट दिखाई देता है तो उसकी साफ तस्वीर लेनी होगी। इसके बाद Rajmargyatra मोबाइल ऐप के जरिए फोटो अपलोड करनी होगी।

Published by
Mahak Singh

हाईवे पर लंबा सफर करते समय अगर टॉयलेट की जरूरत पड़ जाए तो साफ-सुथरा पब्लिक टॉयलेट मिलना यात्रियों के लिए बड़ी राहत होती है। लेकिन कई बार हाईवे पर बने टॉयलेट में इतनी गंदगी होती है कि लोग वहां जाने से भी बचते हैं। अब ऐसी ही समस्या को दूर करने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने यात्रियों के लिए एक खास पहल शुरू की है। इसमें अगर आप हाईवे पर किसी गंदे टॉयलेट की तस्वीर लेकर उसकी जानकारी NHAI तक पहुंचाते हैं और आपकी शिकायत सही पाई जाती है, तो आपको 1,000 रुपये का FASTag रिचार्ज मिल सकता है।

NHAI की यह पहल सितंबर 2025 में शुरू किए गए क्लीन टॉयलेट पिक्चर चैलेंज का हिस्सा है। इसके तहत नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर गंदे टॉयलेट की तस्वीर लेकर उसकी शिकायत की जा सकती है। इस योजना को अब 30 जून 2027 तक बढ़ा दिया गया है। NHAI के अनुसार, 2026 में अब तक 429 यात्रियों को गंदे टॉयलेट की जानकारी देने के लिए 1,000 रुपये का FASTag रिचार्ज रिवॉर्ड दिया जा चुका है।

कैसे मिलेगा 1,000 रुपये का रिवॉर्ड?

अगर सफर के दौरान आपको कोई गंदा पब्लिक टॉयलेट दिखाई देता है तो उसकी साफ तस्वीर लेनी होगी। इसके बाद Rajmargyatra मोबाइल ऐप के जरिए फोटो अपलोड करनी होगी। फोटो में जियो-टैगिंग और टाइम-स्टैम्प होना जरूरी है, ताकि टॉयलेट की जगह और तस्वीर लिए जाने का समय पता चल सके। फोटो के साथ आपको अपना नाम, लोकेशन, वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर (VRN) और मोबाइल नंबर भी देना होगा। इसके बाद NHAI फोटो और जानकारी की जांच करेगा। शिकायत सही पाए जाने पर योग्य वाहन के FASTag में 1,000 रुपये का रिचार्ज किया जाएगा। इस योजना में एक जरूरी नियम है। पूरे स्कीम पीरियड में एक वाहन को सिर्फ एक बार ही 1,000 रुपये का रिवॉर्ड मिलेगा। यह रिवॉर्ड किसी दूसरे व्यक्ति को ट्रांसफर नहीं किया जा सकता और न ही इसे कैश में लिया जा सकता है। NHAI का मकसद सिर्फ लोगों को रिवॉर्ड देना नहीं है, बल्कि हाईवे पर मौजूद पब्लिक टॉयलेट की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना भी है। इसलिए अगली बार सफर के दौरान अगर आपको कोई गंदा टॉयलेट दिखाई दे, तो उसकी तस्वीर लेकर इसकी जानकारी NHAI तक जरूर पहुंचा सकते हैं।

Share