दिल्ली

स्वरा भास्कर के ‘जौहर’ बयान पर बढ़ा विवाद, महिला वकील ने पुलिस में दी शिकायत

यह मामला 31 अगस्त को नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में हुए एक कार्यक्रम से जुड़ा है। यहां स्वरा भास्कर ने संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ के जौहर वाले दृश्य पर विवादित बयान दिया था।

Published by
Mahak Singh

अभिनेत्री स्वरा भास्कर का ‘पद्मावत’ फिल्म में दिखाए गए जौहर के दृश्य को लेकर दिया गया बयान अब पुलिस शिकायत तक पहुंच गया है। दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान स्वरा ने जौहर के चित्रण पर सवाल उठाते हुए महिलाओं के नजरिए से इसे आपत्तिजनक बताया था। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हो गया। अब सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाली महिला वकील अमिता सचदेव ने दिल्ली के साकेत साइबर पुलिस थाने में शिकायत देकर स्वरा के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस मामले में FIR दर्ज नहीं की है।

क्या कहा था स्वरा भास्कर ने?

यह मामला 31 अगस्त को नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में हुए एक कार्यक्रम से जुड़ा है। यहां स्वरा भास्कर ने संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ के जौहर वाले दृश्य पर विवादित बयान दिया था। स्वरा ने सवाल उठाया था कि अगर किसी महिला के साथ दुष्कर्म होता है तो क्या उसकी जिंदगी वहीं खत्म मान ली जानी चाहिए। उन्होंने कहा था कि अगर वह खुद ऐसी स्थिति में होतीं और फिल्म का यह दृश्य देखतीं, तो उन्हें ऐसा लग सकता था कि इज्जत बचाने के लिए आत्महत्या नहीं करने के कारण वह कायर हैं। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई।

अमिता सचदेव ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि स्वरा की टिप्पणी से रानी पद्मावती और चित्तौड़ की उन महिलाओं के बलिदान का अपमान हुआ, जिन्होंने जौहर किया था। वकील का कहना है कि स्वरा को फिल्म और उसके संदर्भ की पूरी जानकारी थी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि स्वरा ने 2018 में ‘पद्मावत’ को लेकर एक खुला पत्र लिखा था। इसलिए शिकायतकर्ता के मुताबिक, उनके बयान को ऐतिहासिक जानकारी की कमी का नतीजा नहीं माना जा सकता। अमिता सचदेव ने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्होंने स्वरा को माफी मांगने का मौका दिया था, लेकिन उनके मुताबिक अभिनेत्री ने माफी मांगने के बजाय अपने बयान को लेकर सफाई दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। स्वरा भास्कर पहले ही अपने बयान पर सफाई दे चुकी हैं और उन्होंने विवाद की वजह अनुवाद की गलती को बताया था। फिलहाल पुलिस ने शिकायत पर FIR दर्ज नहीं की है। अब पुलिस की जांच के बाद ही तय होगा कि इस मामले में आगे कोई कानूनी कार्रवाई होती है या नहीं।

Share