अगर आपका बिजली का बिल हर महीने जेब पर भारी पड़ रहा है और आप घर की छत पर सोलर पैनल लगवाने की सोच रहे हैं, तो दिल्ली सरकार की नई पहल आपके लिए राहत लेकर आई है। सरकार ने रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देने के लिए अपनी सोलर एनर्जी पॉलिसी में बड़ा बदलाव किया है। इसके तहत पात्र परिवारों को बिना अपनी जेब से शुरुआती पैसा खर्च किए सोलर पैनल लगवाने की सुविधा मिलेगी। सरकार का लक्ष्य साल 2027 तक दिल्ली के करीब 2.3 लाख घरों को सोलर सिस्टम से जोड़ना है। खास बात यह है कि सोलर लगवाने के बाद इसके रखरखाव का खर्च भी कुछ वर्षों तक सरकार की व्यवस्था के तहत उठाया जाएगा।
400 यूनिट तक खपत वालों को मिलेगा फायदा
नई व्यवस्था के मुताबिक, जिन घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली खपत हर महीने 400 यूनिट तक है, वे इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। हालांकि, उनके घर की छत पर सोलर सिस्टम लगाना तकनीकी रूप से संभव होना जरूरी है। पात्र परिवारों को अधिकतम 3 किलोवाट तक का सोलर सिस्टम मिल सकता है। इसके लिए करीब 1.56 लाख रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है। इसमें केंद्र सरकार की तरफ से लगभग 78 हजार रुपये और दिल्ली सरकार की ओर से करीब 78 हजार रुपये की कैपिटल सब्सिडी शामिल होगी। यानी पात्र उपभोक्ता को सोलर लगवाने के लिए शुरुआत में अपनी जेब से बड़ी रकम नहीं देनी होगी। योजना का एक और बड़ा फायदा यह है कि सोलर सिस्टम लगने के बाद 5 साल तक उसका ऑपरेशन और रखरखाव मुफ्त रहेगा। चयनित वेंडर सिस्टम की देखभाल करेंगे। इससे तकनीकी खराबी या मेंटेनेंस को लेकर परिवारों की चिंता कम होगी।
सोलर पैनल लगवाने के बाद भी पात्र परिवारों को मिलने वाली मौजूदा बिजली सब्सिडी बंद नहीं होगी। यानी सोलर से बिजली का फायदा लेने के साथ जरूरत पड़ने पर ग्रिड से ली गई बिजली पर लागू सब्सिडी का लाभ भी मिलता रहेगा। योजना का लाभ लेने के लिए पीएम सूर्य घर योजना के पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। पहले रजिस्ट्रेशन करें और फिर लॉगिन करके Rooftop Solar Application भरें। आवेदन की मंजूरी और Feasibility Approval मिलने के बाद वेंडर का चयन कर सोलर सिस्टम लगवाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
















