
राहुल गांधी
मुंबई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने शनिवार को पुणे में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कार्यक्रम में उपस्थित रहने के लिए छात्रों को पैसे बांटने का आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नवनाथ बन के आरोपों की जांच करवाई जाएगी और अगर तथ्य मिले तो कार्रवाई की जाएगी।
नवनाथ बन ने आज भाजपा के प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने पत्रकारों को एक कथित बिचौलिए शांतनु का वीडियो दिखाते हुए यह आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि करीब 3,000 से 3,500 इन्फ्लुएंसर्स को कार्यक्रम से जुड़ी सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के लिए प्रति व्यक्ति 30,000 से 35,000 रुपये देने की पेशकश की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्यक्रम ‘स्टूडेंट्स की आवाज’ नहीं, बल्कि ‘पैसे की आवाज’ है।
उन्होंने दावा किया कि इस हिसाब से कार्यक्रम पर करीब 9 से 10 करोड़ रुपये खर्च हो सकते हैं। उन्होंने कांग्रेस से इस कथित भुगतान के स्रोत की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की और केंद्र सरकार से मामले की पूरी जांच कराने की अपील की। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि कहीं इस रकम का संबंध ब्लैक मनी, ठेकेदारों से मिले फंड या विदेशी फंडिंग से तो नहीं है। उन्होंने मामले में एसआईटी और सीबीआई जांच की भी मांग की।