राजस्थान

Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून ने फिर बदली चाल, 15 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को 15 जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 22 अगस्त को भी 13 जिलों में बारिश के आसार हैं।

Published by
Mahak Singh

राजस्थान में बारिश का इंतजार कर रहे लोगों के लिए मौसम विभाग ने राहत और चिंता, दोनों वाली खबर दी है। शुक्रवार को प्रदेश के 15 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 22 अगस्त को 13 जिलों में बारिश की संभावना है। हालांकि, 23 अगस्त से अगले चार-पांच दिनों तक मानसून कमजोर रहने का अनुमान है। बारिश कम होने के कारण कई इलाकों में तापमान बढ़ने के साथ गर्मी और उमस भी बढ़ सकती है।

15 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को 15 जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 22 अगस्त को भी 13 जिलों में बारिश के आसार हैं। इसके बाद बारिश की गतिविधियां और कमजोर होने की संभावना है। ऐसे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश की उम्मीद कम है। गुरुवार को पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में धौलपुर में सबसे ज्यादा 29 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बसईनवांब में 19 एमएम, बारां के शाहबाद में 17 एमएम और बारां शहर में 16 एमएम बारिश हुई। अलवर के टहला में 16 एमएम और टोंक में 11 एमएम बारिश दर्ज की गई। कोटा, झालावाड़, भरतपुर और दौसा के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश हुई।

जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू में 21 से 23 अगस्त के बीच कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। उदयपुर, कोटा और अजमेर संभाग में भी मानसून कमजोर रहने का अनुमान है। बारिश कम होने से तापमान बढ़ रहा है। गुरुवार को श्रीगंगानगर 40.1 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। जयपुर में जेएलएन मार्ग पर 17 एमएम बारिश हुई, जबकि शहर का अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री रहा। आने वाले दिनों में बारिश कम होने से गर्मी और उमस का असर बढ़ सकता है।

Share

Recent News