भारत

दिल्ली-एनसीआर से बिहार तक भारी बारिश का अलर्ट, जानें मौसम का ताजा हाल

स्वतंत्रता दिवस 2026 पर दिल्ली-एनसीआर, यूपी, उत्तराखंड, हिमाचल और बिहार में भारी बारिश का अलर्ट। लाल किले पर भी बारिश की संभावना, पिथौरागढ़ में सड़कें बंद।

Published by
कुलदीप सिंह

आज देश अपना स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। मौसम विभाग के ताजा अनुमानों के मुताबिक कई राज्यों में मानसून की बारिश का असर साफ दिख रहा है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर पहाड़ी इलाकों और बिहार तक मौसम में बदलाव आया है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना

दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। इससे उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग ने दिल्ली में दिनभर रुक-रुक कर बौछारें पड़ने और गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। लाल किले पर मुख्य समारोह के दौरान भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में भी आज मौसम बदल रहा है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी के ज्यादातर जिलों में मानसूनी हवाएं सक्रिय हैं। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज समेत कई जगहों पर सुबह से ही रिमझिम बारिश शुरू हो चुकी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटों में राज्य के करीब 30 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इससे निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनने का खतरा है।

उत्तराखंड और हिमाचल में सतर्कता

पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के लिए आज का दिन संवेदनशील रहने वाला है। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में मूसलाधार बारिश से भूस्खलन और पहाड़ों से चट्टानें गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

हिमाचल प्रदेश के शिमला, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में भी भारी बारिश की चेतावनी है। नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की वजह से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को जल स्रोतों से दूर रहने को कहा गया है।

पिथौरागढ़ में सड़कें बंद

उत्तराखंड में बारिश से जनजीवन प्रभावित है। पिथौरागढ़ जिले में थल-मुनस्यारी और जौलजीबी-मुनस्यारी मोटर मार्ग बंद होने से मुनस्यारी तहसील मुख्यालय अलग-थलग पड़ गया है। सीमांत की सड़कें बंद होने से 100 से अधिक गांवों का संपर्क कटा हुआ है। भारी भूस्खलन के बीच लोग जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं। ला-झेकला में बला नाले का जलस्तर काफी बढ़ गया है। हरड़िया में लगातार पहाड़ी दरकने से मलबा गिर रहा है।

बिहार में भी बारिश तेज

बिहार में मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं। राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश शुरू हो चुकी है। पटना, गया, भागलपुर और पूर्णिया समेत उत्तर बिहार के कई जिलों में आज गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने बिहार के कई इलाकों में बिजली गिरने को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले आसमान या पेड़ों के नीचे न जाएं।

Share

Recent News