
झारखंड में जेपीएससी समेत अन्य परीक्षाओं के पेपर लीक की घटना को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस के बर्बर लाठीचार्ज के खिलाफ भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। इसके तहत भाजपा ने आज झारखंड बंद का आह्वान किया है। इस बंद को देखते हुए रांची पुलिस हाई अलर्ट पर है। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है।
बंद के दौरान शहर में करीब तीन हजार पुलिसकर्मी ड्यूटी पर लगाए गए हैं। इनमें जिला पुलिस के अलावा जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बल भी शामिल है। पुलिसकर्मियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील जगहों और संभावित प्रदर्शन स्थलों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
पुलिस की नजर खासकर जयपाल सिंह स्टेडियम में मौजूद छात्रों पर है। उन्हें आशंका है कि बंद के दौरान छात्र आंदोलन को लेकर शहर में कहीं भी हालात बिगड़ सकते हैं। इसलिए जयपाल सिंह स्टेडियम से लेकर विधानसभा तक सुरक्षा बलों की खास तैनाती की गई है। जबकि, छात्रों ने फिर से स्पष्ट किया है कि उनका प्रदर्शन पूरी तरह से ही शांतिपूर्ण रहेगा।
वहीं दूसरी ओर पुलिस की कोशिश है कि बंद के दौरान यातायात व्यवस्था सामान्य रहे और सरकारी व निजी प्रतिष्ठानों के कामकाज में कोई बाधा न आए। कहीं भी भीड़ जुटने या प्रदर्शन की खबर मिलने पर तुरंत कार्रवाई के लिए बल तैयार रखा गया है।
रांची पुलिस ने निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत किया है। सिटी कंट्रोल रूम से पूरे शहर की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। ड्रोन के जरिए भी संवेदनशील इलाकों और भीड़ वाले स्थानों की निगरानी की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों को लगातार स्थिति की समीक्षा करने और कोई सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। पूरी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी रांची के एसएसपी राकेश रंजन कर रहे हैं। अधिकारी लगातार समन्वय कर बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की रणनीति पर नजर रख रहे हैं।
पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिसकर्मियों की तैनाती इस तरह की गई है कि शहर के अलग-अलग हिस्सों में किसी भी आपात स्थिति में तुरंत बल पहुंचाया जा सके।