
Earthquake
दिल्ली में आज भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। हालांकि इसकी तीव्रता कम होने के कारण अधिकांश लोगों को इसका एहसास भी नहीं हो सका। रविवार सुबह दिल्ली के अलावा अरुणाचल प्रदेश और असम में भी धरती हल्की कांपी। राहत की बात यह रही कि किसी भी स्थान से जान-माल के नुकसान की कोई सूचना सामने नहीं आई।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, रविवार तड़के सुबह 4:14 बजे दिल्ली के उत्तरी जिले में 2.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। उस समय अधिकांश लोग गहरी नींद में थे, इसलिए बड़ी संख्या में लोगों को झटकों का अनुभव नहीं हुआ। विशेषज्ञों का कहना है कि 3.0 से कम तीव्रता वाले भूकंप सामान्यतः बहुत हल्के होते हैं और इनसे बड़े नुकसान की संभावना बेहद कम रहती है। एनसीएस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र दिल्ली का उत्तरी जिला था। इसकी गहराई आठ किलोमीटर दर्ज की गई। वहीं भूकंप का स्थान 28.721 डिग्री उत्तर अक्षांश और 76.957 डिग्री पूर्व देशांतर पर स्थित था। वैज्ञानिकों के मुताबिक, कम गहराई वाले भूकंप के झटके कई बार स्थानीय स्तर पर महसूस हो सकते हैं, लेकिन कम तीव्रता होने के कारण उनका प्रभाव सीमित रहता है।
दिल्ली ही नहीं, बल्कि अरुणाचल प्रदेश और असम में भी धरती कांपी। सुबह 5:38 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता 2.8 दर्ज की गई। इसका केंद्र जमीन से लगभग पांच किलोमीटर की गहराई में था। पूर्वोत्तर भारत भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है, इसलिए यहां समय-समय पर हल्के और मध्यम तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं। फिलहाल दिल्ली, अरुणाचल प्रदेश और असम में आए इन हल्के भूकंपों से किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है।