नई दिल्ली/जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के छात्रू क्षेत्र में शनिवार को बादल फटने से तबाही मची। तेज बहाव और मलबे की चपेट में आने से कई वाहन बह गए। कुछ संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं। बादल फटने की घटना से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। फिलहाल किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
किश्तवाड़ जिले के सभी स्कूल बंद करने के आदेश जारी
प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए छात्रू–किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया है। खराब मौसम और बादल फटने की घटना को देखते हुए जिला प्रशासन ने किश्तवाड़ जिले के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
रात ढाई बजे फटा बादल और आ गई बाढ़
करीब रात 2:30 बजे छात्रू में बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ से मुख्य बाजार में पत्थर, मिट्टी और कीचड़ भर गया। इससे किश्तवाड़-छात्रू-सिंथन राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी यातायात प्रभावित हुआ। किश्तवाड़ के साथ-साथ डोडा और रामबन जिलों में भी सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने घटना की जानकारी ली है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।











