भारत

पंजाब के शिक्षामंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद के बाहर BJP सांसदों का प्रदर्शन

पंजाब में पेपर लीक मामले को लेकर BJP सांसदों ने मंगलवार को संसद परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

Published by
Lalit Fulara

नई दिल्ली: पंजाब में पेपर लीक मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) सांसदों ने मंगलवार को संसद परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। सांसदों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग की।

BJP सांसदों का आरोप है कि पंजाब में परीक्षा और भर्ती प्रक्रियाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। इस मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

हाथों में तख्तियां लेकर पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान BJP सांसदों ने हाथों में तख्तियां लेकर पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान भी लगातार पंजाब में हुए पेपर लीक के मुद्दों को बीजेपी ने उठाया था। पंजाब की भगवंत मान सरकार का घेराव करते हुए बीजेपी लंबे समय से वहां के शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करती आई है। पंजाब में अन्य विपक्षी पार्टियां भी AAP सरकार को पेपर लीक के मामले में घेरती आई हैं। हालांकि मुख्यमंत्री भगवंत कहते आये हैं कि पंजाब में पिछले 4 सालों में पेपर लीक का एक भी मामला सामने नहीं आया है।

बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा भी पंजाब में फार्मेसी ऑफिसर की भर्ती परीक्षा में नकल को लेकर आम आदमी पार्टी पर निशाना साध चुके हैं। उनका कहना था कि पहले पेपर लीक के मामलों में शिक्षा मंत्री को फौरन इस्तीफा देना चाहिए।  उनका कहना था कि आम आदमी पार्टी ने छात्रों के मुद्दे पर राजनीति की है। जो लोग दिल्ली में पेपर लीक के मुद्दे पर मंत्रियों के इस्तीफे मांग रहे थे, वे आज पंजाब में अपने मंत्री हरजोत बैंस का इस्तीफा लेने से भाग रहे हैं।

 

Share