कोलकाता। कलकत्ता हाई कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा तृणमूल कांग्रेस के तीन बैंक खातों को फ्रीज किए जाने के मामले में बड़ा झटका देते हुए अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि मामले की सुनवाई पूरी होने तक ED की कार्रवाई में इस स्तर पर कोई हस्तक्षेप नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही टीएमसी के तीनों बैंक खाते फिलहाल फ्रीज ही रहेंगे।
न्यायमूर्ति कृष्ण राव ने सोमवार को सुनवाई के दौरान कहा कि इस चरण में अदालत ईडी द्वारा फ्रीज किए गए खातों पर कोई अंतरिम आदेश पारित नहीं करेगी। इसलिए जांच पूरी होने तक खातों पर लगी रोक जारी रहेगी।
पश्चिम बंगाल: कलकत्ता HC ने अभिषेक बनर्जी की आंखों के इलाज के लिए विदेश जाने की याचिका की खारिज
ईडी ने वित्तीय अनियमितताओं और धन शोधन की जांच के तहत टीएमसी के तीन बैंक खाते फ्रीज किए हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि इन खातों में करीब 440 करोड़ रुपये जमा हैं। ईडी के अनुसार, अप्रैल 2023 से जून 2026 के बीच एक विमान और एक हेलीकॉप्टर की खरीद से जुड़े कथित धन शोधन और वित्तीय अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में यह कार्रवाई की गई है। एजेंसी का कहना है कि जांच के दायरे में केयरवेल एविएशन इंडिया और उसकी एक सहयोगी कंपनी से जुड़े वित्तीय लेनदेन भी शामिल हैं।
दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने ईडी के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। पार्टी का कहना है कि केंद्रीय जांच एजेंसी राजनीतिक उद्देश्य से कार्रवाई कर रही है। टीएमसी ने दावा किया कि उसके बैंक खातों और चंदे से जुड़े सभी विवरण पूरी पारदर्शिता के साथ चुनाव आयोग और आयकर विभाग को उपलब्ध कराए गए हैं। इन्हीं दलीलों के आधार पर टीएमसी ने हाई कोर्ट में ईडी की कार्रवाई पर अंतरिम रोक लगाने की मांग की थी। हालांकि, अदालत ने फिलहाल यह मांग स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इससे ईडी की कार्रवाई बरकरार रहेगी और पार्टी के तीनों बैंक खाते फिलहाल फ्रीज ही रहेंगे।

















