कैंची धाम: केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा ने क्वारब से काठगोदाम तक राष्ट्रीय राजमार्ग-109 (पूर्ववर्ती राष्ट्रीय राजमार्ग-87) पर विभिन्न स्थानों पर संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं क्वारब क्षेत्र में चल रहे भूस्खलन उपचार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।
श्री टम्टा ने स्थलीय निरीक्षण में अभियंताओं से बारीकी से भूस्खलन के लगातार होने के कारणों पर विचार विमर्श किया, उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार उत्तराखंड में सुरक्षित, आधुनिक एवं सर्वकालिक सड़क संपर्क के विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
श्री टम्टा ने बताया कि अभियंताओं एवं तकनीकी समिति द्वारा तैयार DPR के आधार पर मेरे मंत्रालय द्वारा सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न कार्यों हेतु आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई गई है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार की सतत निगरानी में सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा से पूर्व उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश NH-PWD के अधिकारियों को दिए हैं, ताकि प्रदेशवासियों एवं यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और विश्वसनीय सड़क अवसंरचना का लाभ मिल सके।

















