अगर आप दिल्ली में रहते हैं या रोजाना राजधानी की सड़कों पर सफर करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। आज से संसद का मानसून सत्र शुरू हो गया है, जिसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान संसद भवन और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी, जिससे कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपने सफर की योजना बना लें और जिन रास्तों पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा, वहां जाने से बचें। खासतौर पर ऑफिस जाने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है, ताकि जाम की वजह से परेशानी का सामना न करना पड़े।
इन सड़कों पर रह सकता है ट्रैफिक का दबाव
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक रफी मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, मौलाना आजाद रोड, के. कामराज मार्ग, रायसीना रोड, राजेंद्र प्रसाद रोड, पार्लियामेंट स्ट्रीट, अशोका रोड, तालकटोरा रोड, पंडित पंत मार्ग और रकाबगंज गुरुद्वारा रोड पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है। सुरक्षा कारणों से इन इलाकों में वाहनों की आवाजाही पर भी असर पड़ सकता है।
TRAFFIC ADVISORY
Special traffic arrangements will be in place during the Monsoon Session of Parliament 2026, commencing from 20.07.2026 in the jurisdiction of New Delhi Range.
Heavy vehicular movement and traffic restrictions are expected in and around the Parliament area.… pic.twitter.com/rAKiZfLBAV
— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) July 18, 2026
इन जगहों से भी बचने की सलाह
विजय चौक, बोट क्लब, रेल भवन राउंडअबाउट, सुनहरी मस्जिद, पटेल चौक, बूटा सिंह चौक, प्राइम चौक, जीआरजी और जलेबी चौक जैसे प्रमुख जंक्शनों पर भी ट्रैफिक धीमा रहने की संभावना है। इसलिए इन रास्तों का इस्तेमाल करने से पहले ट्रैफिक की स्थिति जरूर जांच लें। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कुछ वैकल्पिक मार्ग भी सुझाए हैं। इनमें जनपथ, विनय मार्ग, आउटर सर्कल कनॉट प्लेस, बाबा खड़क सिंह मार्ग, मान सिंह रोड, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, शांति पथ, सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग और पंचशील मार्ग शामिल हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे पीक आवर्स में प्रभावित इलाकों से बचें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें। इससे सफर आसान होगा और अनावश्यक जाम से बचा जा सकेगा।













