अमृतसर। जिला शहरी पुलिस ने सीमा पार से संचालित एक आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, एक 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल और चार कारतूस बरामद किए हैं।
आईएसआई से जुड़े सीमा पार के हैंडलरों के संपर्क में था आरोपी
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े सीमा पार के हैंडलरों के संपर्क में था और इंस्टाग्राम के जरिए उनसे निर्देश ले रहा था।
पुलिस प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों को बनाया गया था निशाना
जांच के अनुसार आरोपी को पुलिस प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाकर क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस का कहना है कि यह साजिश प्रदेश में दहशत का माहौल बनाने के उद्देश्य से रची जा रही थी।












