
लखनऊ। ग्रहों के राजा भगवान भास्कर 16 जुलाई की अर्धरात्रि मिथुन राशि से निकल कर कर्क राशि में प्रवेश करेंगे। इसी के साथ सूर्य दक्षिणायन हो जाएंगे। ज्योतिर्विद सतीश मणि त्रिपाठी ने बताया कि सूर्यदेव 17 अगस्त तक कर्क राशि में रहेंगे, जिसके बाद वे अपने स्वगृह सिंह राशि में प्रवेश करेंगे।
ज्योतिर्विद के अनुसार जल तत्व की राशि कर्क में सूर्य के इस गोचर का प्रभाव प्रकृति, मौसम और जनजीवन के साथ-साथ सभी 12 राशियों पर अलग-अलग दिखाई देगा। कहीं आत्मविश्वास और करियर में उन्नति के योग बनेंगे तो कहीं स्वास्थ्य, पारिवारिक संबंधों और आर्थिक मामलों में अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी।
राशिवार संभावित प्रभाव
मेष : माता के स्वास्थ्य, संपत्ति और वाहन संबंधी मामलों में सतर्क रहें। परिवार और कार्यस्थल के बीच संतुलन बनाना जरूरी होगा।
वृषभ : साहस और पराक्रम में वृद्धि होगी। छोटे भाई-बहनों के मामलों में चिंता रह सकती है। छोटी यात्राओं के योग बनेंगे।
मिथुन : धन और वाणी पर संयम रखें। आय के नए अवसर मिल सकते हैं लेकिन अनावश्यक खर्च से बचना होगा।
कर्क : आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता बढ़ेगी लेकिन अहंकार और विवाद से बचना होगा। स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।
सिंह : खर्च बढ़ सकते हैं। विदेश या लंबी दूरी की यात्रा के योग बनेंगे। आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी। आंखों और नींद का ध्यान रखें।
कन्या : आय में वृद्धि के संकेत हैं। मित्रों और सामाजिक संपर्कों से लाभ मिलेगा। लंबे समय से रुके कार्य गति पकड़ सकते हैं।
तुला : करियर और प्रतिष्ठा में सुधार के योग हैं। अधिकारियों के साथ व्यवहार में संयम रखना लाभदायक रहेगा।
वृश्चिक : भाग्य का साथ मिलेगा। धर्म, यात्रा, उच्च शिक्षा और गुरुजनों का सहयोग प्राप्त होने की संभावना है।
धनु : अचानक बदलाव हो सकते हैं। निवेश, कर, पैतृक संपत्ति और स्वास्थ्य संबंधी मामलों में सतर्क रहें।
मकर : दांपत्य जीवन और साझेदारी के मामलों में संतुलन बनाए रखें। जीवनसाथी के साथ संवाद बेहतर रखना आवश्यक होगा।
कुंभ : नौकरी, प्रतियोगी परीक्षाओं और विरोधियों पर विजय के अवसर बन सकते हैं। नियमित दिनचर्या और स्वास्थ्य पर ध्यान दें।
मीन : शिक्षा, संतान, रचनात्मक कार्य और आध्यात्मिक गतिविधियों के लिए समय अनुकूल रहेगा। प्रेम संबंधों में संयम बरतना लाभदायक होगा।
इन पांच राशियों के लिए बनेंगे उन्नति के योग
वृषभ– साहस और आत्मविश्वास में वृद्धि, नए कार्यों में सफलता के योग।
कन्या– आय बढ़ने, रुके कार्य पूरे होने और मित्रों के सहयोग से लाभ मिलने की संभावना।
तुला– करियर, पद-प्रतिष्ठा और कार्यक्षेत्र में सम्मान बढ़ सकता है।
वृश्चिक– भाग्य का साथ, धार्मिक कार्यों, यात्रा और उच्च शिक्षा में सफलता के संकेत।
कुंभ– नौकरी, प्रतियोगी परीक्षाओं और विरोधियों पर विजय के अवसर मिल सकते हैं।
इन चार राशियों को बरतनी होगी विशेष सावधानी
मेष– माता के स्वास्थ्य, संपत्ति और वाहन संबंधी मामलों में सतर्क रहें।
कर्क– क्रोध, अहंकार और विवाद से बचें। स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें।
सिंह– खर्च बढ़ सकते हैं। नींद और आंखों से जुड़ी समस्याओं को नजरअंदाज न करें।
धनु– अचानक होने वाले बदलाव, निवेश, पैतृक संपत्ति और स्वास्थ्य संबंधी मामलों में सोच-समझकर निर्णय लें।
संतुलित व्यवहार सफलता की कुंजी
ज्योतिर्विद सतीश मणि त्रिपाठी के अनुसार सूर्य के कर्क राशि में लगभग एक माह के प्रवास के दौरान संयमित व्यवहार, नियमित दिनचर्या, स्वास्थ्य के प्रति सजगता और सोच-समझकर लिए गए आर्थिक निर्णय अधिकांश राशियों के लिए लाभकारी साबित हो सकते हैं।