
पाकिस्तानी ब्यूटी प्रोडक्ट जब्त
महाराष्ट्र के नांदेड शहर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित पाकिस्तानी कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई गुरुवार (9 जुलाई) रात नांदेड़ के मन्यार गली में की गई। एफडीए और पुलिस ने एक गोदाम, दुकान पर छापेमारी कर भारत में बैन करीब 37 से 38 प्रकार के पाकिस्तानी कॉस्मेटिक उत्पाद जब्त किए। जब्त किए गए सामान की कीमत 50 से 60 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है। इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। हैरानी की बात यह है कि दुकान का मालिक टूर एंड ट्रैवल्स बिजनेस की आड़ में यह धंधा कर रहा था। इस कार्रवाई से पूरे शहर में हलचल मच गई है। इसके पीछे एक बड़े रैकेट के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। साथ ही यह भी पता लगा रही है कि इतनी बड़ी खेप भारत में खासतौर पर नांदेड तक कैसे पहुंची?
महाराष्ट्र के कई शहरों में दुकानदार और व्यापारी मुनाफा कमाने के लिए लोगों की जान से खेल रहे हैं। एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में राज्य में लोगों के स्वास्थ्य पर असर डालने वाली दुकानों, कंपनियों और वेंडर्स के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई की जा रही है। इतवारा पुलिस निरीक्षक रामेश्वर खनाल ने बताया कि उन्हें सीक्रेट जानकारी मिली थी कि नांदेड के मन्यार गली में अफरा जनरल स्टोर्स की दुकान पर पाकिस्तान में निर्मित ब्यूटी प्रोडक्ट्स बेचे जा रहे हैं। सूचना के आधार पर गुरुवार रात पुलिस ने फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ऑफिसर अशोक राठौड़ के साथ दुकान और गोदाम पर छापा मारा। छापेमारी में वहां से 38 तरह के पाकिस्तानी कॉस्मेटिक्स जब्त किए गए, जो भारत में पूरी तरह से बैन हैं। पुलिस ने शुरुआती जांच में बताया कि जब्त किए गए सामान की कीमत करीब 50 से 60 लाख रुपये है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी और प्रतिबंधित उत्पादों का मिलना किसी संगठित सप्लाई चेन की ओर संकेत करता है।
इन जब्त किए गए उत्पादों में कौन से खतरनाक केमिकल मिले हुए हैं, जो इंसान की त्वचा और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं, इसकी जांच की जाएगी। एफडीए अधिकारी अशोक राठौड़ ने बताया कि फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की मदद से इन प्रोडक्ट्स के अलग-अलग सैंपल इकट्ठा करके आगे की जांच के लिए लैब में भेजे जाएंगे। इस सनसनीखेज कार्रवाई के बाद पुलिस ने संबंधित दुकान के मालिक को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है कि यह सामान कहां से मंगाया गया और इसके वितरण में कौन-कौन लोग शामिल हैं?
सवाल यह है कि भारत में पूरी तरह बैन पाकिस्तानी प्रोडक्ट्स का इतना बड़ा स्टॉक नांदेड़ में कैसे और कहां से लाया गया? इस गैर कानूनी रैकेट के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं? और ये सामान भविष्य में किसे सप्लाई किया जाना था? इतवारा पुलिस और प्रशासन इन सभी पहलुओं की बहुत गहराई से जांच कर रहा है। इस कार्रवाई से शहर में बैन और सेहत के लिए खतरनाक प्रोडक्ट्स बेचने वालों के होश उड़ गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद और भी खुलासे हो सकते हैं।
इससे पूर्व एफडीए ने मुंबई के प्रसिद्ध रुस्तम आइसक्रीम पार्लर पर बड़ी कार्रवाई कर उसका लाइसेंस सस्पेंड कर दिया। एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर ‘सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र’ अभियान के तहत यह सख्त कार्रवाई की गई। औचक निरीक्षण में आइस्क्रीम पार्लर में एक्सपायर हो चुके फूड प्रोडक्ट्स और स्वच्छता को लेकर गंभीर खामियां पाई गई थीं। यहां जिंदा चूहे और खाने के सामानों पर मक्खियां भिनभिनाती हुई मिलीं।