
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की सालाना अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक आज कर्नाटक के बेलगावी में शुरू हो गई है। यह बैठक 10, 11 और 12 जुलाई 2026 को चलेगी।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने एक्स पर इसकी जानकारी पोस्ट की। इसके अनुसार, इस बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी, सभी सह-सरकार्यवाह, अखिल भारतीय कार्य विभाग प्रमुख और सह-प्रमुख, कार्यकारिणी सदस्य, क्षेत्र प्रचारक, सह-क्षेत्र प्रचारक मौजूद हैं। इसके अलावा देश के सभी 46 प्रांतों के प्रांत प्रचारक, सह-प्रचारक और संघ से जुड़े विभिन्न संगठनों के अखिल भारतीय संगठन मंत्री भी इस बैठक में भाग ले रहे हैं।
इस बैठक में मार्च 2026 के बाद संघ के अलग-अलग स्तरों पर हुए प्रशिक्षण वर्गों की पूरी जानकारी ली जाएगी। शाखाओं में चल रहे कामों की योजना को लागू करने के बारे में विस्तार से बात होगी। संघ शताब्दी (2025-26) के दौरान शाखा कार्य को कितना बढ़ाया गया, इसकी समीक्षा की जाएगी। साथ ही आगे और ज्यादा शाखाएं बढ़ाने की योजना पर भी चर्चा होगी।
संघ का शताब्दी वर्ष 20 अक्टूबर 2026 यानी विजयादशमी तक चलेगा। बैठक में अब तक हुए शताब्दी कार्यक्रमों की समीक्षा होगी और बाकी बचे कार्यक्रमों की योजना बनाई जाएगी। साथ ही सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी की साल 2026-27 की प्रवास योजना यानी उनके कार्यक्रमों और यात्राओं के बारे में भी यहां चर्चा की जाएगी।