नई दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस (TMC) और ममता बनर्जी को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। टीएमसी के तीन पूर्व सांसद बीजेपी में शामिल हो गए हैं। इन तीनों सांसदों ने पिछले महीने राज्यसभा से इस्तीफा दिया था। गुरुवार को कोलकाता में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के सामने ये तीनों सासंद सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बड़ाईक ने बीजेपी का दामन थामा। भट्टाचार्य ने पार्टी के साल्ट लेक ऑफिस में आयोजित एक कार्यक्रम में तीनों पूर्व सांसदों को BJP का झंडा देकर और पट्टा पहनाकर स्वागत किया।
तीनों सीटों पर 24 जुलाई को उपचुनाव
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में TMC और ममता बनर्जी की करारी हार के बाद पार्टी में बगावत शुरू हो गई थी। कई टीएमसी नेता ममता बनर्जी के खिलाफ हो गए थे। इनमें ये तीनों पूर्व सांसद भी शामिल थे। रॉय और बड़ाईक का कार्यकाल सितंबर 2029 तक था। जबकि सुष्मिता देव का कार्यकाल अप्रैल 2030 तक चलना था। इन तीनों सांसदों के इस्तीफे के बाद ये सीटें खाली हो गई थीं और इन तीन सीटों के लिए उपचुनाव 24 जुलाई को होने हैं। तीनों सीटों पर BJP के जीतने की उम्मीद है।
दो खेमों में बंटी TMC, ममता के साथ सिर्फ 15 विधायक
पश्चिम बंगाल विधानसभा में कुल सीटें 294 हैं। बीजेपी 208 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है। जबकि TMC ने 80 सीटें जीती थीं। कांग्रेस और आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) ने दो-दो सीटें हासिल कीं, जबकि CPI(M) और इंडियन सेक्युलर फ्रंट (ISF) ने एक-एक सीट जीती। अब ममता बनर्जी के खेमे में कुल 15 विधायक ही रह गए हैं। इस समय ममता बनर्जी की पार्टी दो खेमों में बंटी है। एक खेमा ममता का है तो दूसरा खेमा विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी का है। करीब 65 विधायक ऋतब्रत खेमे के साथ हैं। जबकि लगभग 15 विधायक ममता बनर्जी खेमे का समर्थन कर रहे हैं।
















