
Today Weather
देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसके चलते कई राज्यों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो चुका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले एक सप्ताह तक देश के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग द्वारा जारी सलाह का पालन करने की जरूरत है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। फिलहाल इसकी उत्तरी सीमा गुजरात के जामनगर, राजस्थान के उदयपुर, अजमेर और झुंझुनू, हरियाणा के हिसार तथा पंजाब के बठिंडा तक पहुंच चुकी है। अगले चार दिनों में मानसून गुजरात, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के बाकी हिस्सों को भी पूरी तरह कवर कर लेगा। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बारिश का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 6 से 10 जुलाई के बीच भारी बारिश होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 6 और 7 जुलाई तथा उत्तराखंड में 5 जुलाई को कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तेज हवाएं चलने और भूस्खलन का खतरा भी बना रहेगा। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में 6 से 8 जुलाई के बीच अच्छी बारिश होने का अनुमान है। वहीं उत्तर प्रदेश में 7 से 10 जुलाई तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन कई शहरों में जलभराव और ट्रैफिक की परेशानी बढ़ सकती है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में भी लगातार बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में 5 से 7 जुलाई के बीच अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी कई स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पूर्वी भारत में ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में 5 से 10 जुलाई के बीच भारी बारिश होने की संभावना है। झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। वहीं पूर्वोत्तर के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होने का अनुमान है। गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में भी भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, बिजली चमकने के समय खुले स्थानों पर न रहें और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।