रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून के एक बार फिर से सक्रिय होने की जानकारी मौसम विभाग ने दी है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल देश में कई मौसमीय तंत्र सक्रिय हैं, जिनका असर छत्तीसगढ़ पर भी दिखाई देगा। राज्य में अगले 72 घंटों के दौरान व्यापक और भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, राज्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती संचरण बना हुआ है, जिसके प्रभाव से राज्य में अगले कुछ दिनों तक झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा। बताया गया है कि मध्य प्रदेश से उत्तर महाराष्ट्र और पूर्वी अरब सागर तक ऊपरी वायुमंडलीय ट्रफ सक्रिय है तथा उत्तर ओडिशा के आसपास चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। साथ ही बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में भी एक मजबूत सिस्टम विकसित हुआ है। पंजाब से बिहार तक फैली ट्रफ लाइन उत्तर और मध्य भारत में नमी बढ़ा रही है।इन सभी सिस्टमों के संयुक्त प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और बारिश की संभावना मजबूत बनी रहेगी।
मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर, और दुर्ग संभाग सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है । साथ ही बारिश के साथ-साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। व्यापक वर्षा के कारण छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में अगले 5 दिनों के भीतर 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। बताया गया है कि रायपुर, बिलासपुर, पेंड्रा, और अंबिकापुर में लगातार घने बादल छाए रहेंगे और लगातार वर्षा होगी। बस्तर और जगदलपुर क्षेत्र में भी पिछले 24 घंटों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई है, जो आगे भी जारी रहने की उम्मीद है।
Weather Update: अगले 5 दिनों तक ऐसा रहेगा दिल्ली-NCR का मौसम, IMD अलर्ट; देशभर के लिए ये चेतावनी!
उल्लेखनीय है कि राजधानी रायपुर समेत दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा और रायगढ़ जैसे शहरों में पिछले कुछ दिनों से उमस भरी गर्मी महसूस की जा रही थी। बारिश का नया दौर शुरू होने से तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे या जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। वाहन चालकों को भी बारिश के दौरान सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की हिदायत दी गई है।














