
सहारनपुर जिले में सरसावा-नकुर रोड पर बीती रात को एडिशनल एसपी लाल प्रताप सिंह की टीम के साथ हुई पुलिस मुठभेड़ में ललन सिंह को गोली लगी। उसे पहले सीएचसी सरसावा ले जाया गया और बाद में जिला अस्पताल, सहारनपुर रेफर कर दिया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उसका एक साथी मौके से भागने में सफल रहा और उसे पकड़ने की कोशिशें जारी हैं।
ललन सिंह उर्फ लल्लन निवासी: आनंदगोलवा गाँव, थाना मोहिउद्दीन नगर, जिला समस्तीपुर, बिहार का कुख्यात और इनामी अपराधी कई सनसनीखेज मामलों में वांछित था। 8 नवंबर 2022 को वाराणसी में एक सब-इंस्पेक्टर को गोली मारकर उनकी सर्विस पिस्तौल लूटने की घटना में शामिल था। ललन अपने भाइयों और गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर कई गंभीर अपराधों में शामिल था। इनमें सात लोगों की हत्या (जिनमें दो सब-इंस्पेक्टर, एक बैंक कैशियर और एक सिक्योरिटी गार्ड शामिल थे) के साथ-साथ बैंक डकैती, कैश-वैन लूट और सरकारी हथियार लूटना शामिल है। उसकी गिरफ्तारी के लिए वाराणसी के पुलिस कमिश्नर ने ₹1 लाख रुपए और चंदौली के पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रूपये का इनाम घोषित किया था।