खाड़ी में संकट है कि खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। एक तरफ ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता चल रही है। दूसरी तरफ आज कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में रविवार शाम को एक गैस फैसिलिटी में ब्लास्ट हुआ। इस हादसे में अब तक 54 लोग घायल हो गए हैं और 18 लोग लापता हैं। यह जगह कतर की मुख्य लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) प्रोसेसिंग हब है।
क्या हुआ ठीक-ठीक?
कतर एनर्जी कंपनी ने बताया कि बारज़ान लोकल गैस सप्लाई फैसिलिटी में ऑपरेशंस शुरू करते समय यह हादसा हो गया। ब्लास्ट के बाद आग लग गई, जिसकी वजह से बड़े फायरवॉल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। एक रॉयटर्स गवाह ने बताया कि दोहा शहर में भी तेज धमाके की आवाज सुनी गई। अभी तक यह साफ नहीं है कि फैसिलिटी को कितना नुकसान पहुंचा है, लेकिन कंपनी का कहना है कि आग पर काबू पा लिया गया है।
घायल और लापता लोग
कतर के इंटीरियर मिनिस्ट्री ने बताया कि 54 लोग घायल हुए हैं। 18 लोग अभी भी लापता हैं। सर्च एंड रेस्क्यू टीम और सिविल डिफेंस वाले लोग रात भर साइट पर काम करते रहे। वे लापता लोगों को ढूंढने की कोशिश कर रहे हैं। अभी तक घायलों या लापता लोगों के नाम या उनकी राष्ट्रीयता के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
सरकार का बयान
अधिकारियों ने इसे “तकनीकी हादसा” बताया है। उन्होंने साफ किया कि कोई गैस लीक नहीं हुआ है जो आम लोगों के लिए खतरा बन सके। कतर इंटरनेशनल सर्च एंड रेस्क्यू ग्रुप सिविल डिफेंस टीमों के साथ मिलकर काम कर रहा है। शुरू में मिनिस्ट्री ने कहा था कि कोई घायल नहीं है और कोई खतरनाक लीक भी नहीं, लेकिन बाद में अपडेट में घायलों और लापता लोगों की संख्या सामने आई।
इसे भी पढ़ें: महाराष्ट्र सियासत में भूचाल: उद्धव ठाकरे की शिवसेना टूटने के कगार पर, 6 बागी सांसद आज थामेंगे शिंदे का हाथ
बारज़ान प्लांट की अहमियत
बारज़ान प्लांट कतर के घरेलू बाजार को नेचुरल गैस सप्लाई करता है। यह देश की एनर्जी व्यवस्था का अहम हिस्सा है। रास लाफान दुनिया के सबसे बड़े LNG प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट सेंटर्स में से एक है। अभी यह नहीं बताया गया है कि पूरे कॉम्प्लेक्स के कामकाज पर इसका कितना असर पड़ा है। हादसे की वजह की जांच चल रही है। इलाके में तनाव भरा माहौल है, लेकिन कतरी अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ तकनीकी समस्या थी, कोई बाहरी वजह नहीं लग रही। रेस्क्यू और फैसिलिटी का आकलन अभी भी जारी है।

















