गुरुग्राम में हुए स्टैंड-अप कॉमेडी शो में ‘370 की बिरयानी’ वाले विवाद पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने बड़ी कार्रवाई की है। आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर NCW ने शो के होस्ट प्रणित मोरे और हिमांशु जांगड़ा पर कानूनी डंडा चलाया है।
बता दें कि प्रणित मोरे का शो तो कॉमेडी और ‘एंटरटेनमेंट’ का था लेकिन अफसोस आजकल के कॉमेडियन कॉमेडी के नाम पर अश्लीलता परोसते नजर आते हैं। एंटरटेनमेंट के नाम पर औरतों के सम्मान को सरेआम नीलाम करते हैं। हिमांशु जांगड़ा ने ‘370 की बिरयानी’ के बदले शारीरिक संबंध की मांग जैसी बेहद आपत्तिजनक बात कही। पर उससे भी ज्यादा शर्मनाक था होस्ट प्रणित मोरे का रिएक्शन। रोकने की बजाय शाबाशी दी, और ऊपर से 5000 रुपये का इनाम भी थमा दिया।
स्वतः संज्ञान से शुरू हुई कार्रवाई, DGP को सख्त निर्देश
शो में महिलाओं के प्रति की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने कड़ा रुख अपनाते हुए निर्णायक कार्रवाई शुरू कर दी है। आयोग ने इस पूरे प्रकरण में मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो फुटेज का स्वतः संज्ञान लेते हुए प्रणित मोरे और हिमांशु दोनों को समन भेजा है। 22 जून शाम 4 बजे NCW के सामने पेश होने के लिए दोनों को तलब किया है। हरियाणा DGP से 7 दिन में एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी गई है।
NCW का मानना है कि मंच से सार्वजनिक रूप से कही गई बातों ने न केवल महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाई, बल्कि समाज में यौन उत्पीड़न को हल्के में लेने की मानसिकता को भी बढ़ावा दिया। गौरतलब है कि इस मामले में महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने भी BNS और IT एक्ट में FIR दर्ज कर दी है।















