देहरादून। देश की बागडोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में आने के बाद विगत 12 वर्षों के दौरान उत्तराखंड में सड़क, रेल से लेकर हवाई सेवाओं का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। उत्तराखंड राज्य बनने के बाद केंद्र की मोदी सरकार ने देवभूमि के लिए 1 लाख 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं धरातल पर उतारी हैं। इस बीच राज्य की बीजेपी सरकार ने इस रफ्तार पर ‘डबल इंजन’ लगाने का काम किया है।
सड़क मार्ग: चारधाम ऑल वेदर रोड और नए कॉरिडोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिसंबर 2016 में महत्वाकांक्षी चारधाम सड़क परियोजना का शिलान्यास किया था। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के चारों धामों को ‘ऑल वेदर रोड’ से जोड़ना है।
प्रमुख सड़क एवं इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स:
- चारधाम सड़क परियोजना: करीब 12,000 करोड़ रुपये लागत की इस परियोजना का 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, जिससे पहाड़ में आवाजाही बेहद सुगम हुई है।
- दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर: 11,963 करोड़ रुपये की लागत से बने 210 किमी लंबे इस हाईवे के शुरू होने से दिल्ली से देहरादून का सफर मात्र ढाई घंटे में पूरा करना संभव हो पाया है।
- अन्य हाईवे प्रोजेक्ट्स: सितारगंज–टनकपुर, पौंटा साहिब–देहरादून, भानियावाला–ऋषिकेश, काठगोदाम–लालकुआं–हल्द्वानी बाईपास तथा रुद्रपुर बाईपास जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
- रोपवे एवं पावर प्रोजेक्ट्स: केदारनाथ और हेमकुंड के लिए रोपवे प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। साथ ही जमरानी और लखवाड़ पावर प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिली है।
- कॉरिडोर विकास: हल्द्वानी शहर (2000 करोड़ की योजना), ऋषिकेश-हरिद्वार कॉरिडोर, बद्रीनाथ कॉरिडोर और मानसखंड मंदिर प्रोजेक्ट पर तेजी से काम हो रहा है।
‘आम आदमी ने भरी उड़ान’: हवाई सेवाओं का अभूतपूर्व विस्तार
बीते 12 वर्षों के भीतर राज्य के दूर-दराज के क्षेत्रों के लिए भी हवाई सेवाएं शुरु हुई हैं। केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य के तीन बड़े एयरपोर्ट— जॉलीग्रांट, पंतनगर और पिथौरागढ़ का सफलतापूर्वक विस्तार किया जा चुका है।
- उड़ान योजना: आम आदमी के सपनों को पंख देने के लिए केंद्र की ‘उड़ान योजना’ के तहत प्रदेश में 18 हैलीपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से 12 पर सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं।
- नियमित उड़ानें: देहरादून एयरपोर्ट से अहमदाबाद, भुवनेश्वर, बैंगलोर, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, जयपुर, लखनऊ, पुणे, कुल्लू जैसे शहरों के लिए नियमित हवाई सेवा प्रारंभ हो चुकी है।
- मुख्यमंत्री उड़न खटोला योजना: सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य के पर्वतीय जिलों (दूरस्थ क्षेत्रों) के लिए देहरादून और हल्द्वानी से हेली सेवा का संचालन किया जा रहा है।
पहाड़ में पहुंचने वाली है रेल: ऋषिकेश-कर्णप्रयाग प्रोजेक्ट
केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद राज्य में रेल नेटवर्क में भी तेजी से विस्तार हुआ है। देवभूमि में रेलवे के ऐतिहासिक प्रोजेक्ट्स आकार ले रहे हैं:
- केंद्र सरकार के विशेष प्रयास से 125 किमी लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का 72 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है।
- सीएम धामी के सक्रिय प्रयासों से केंद्र सरकार ने टनकपुर–बागेश्वर और डोईवाला से गंगोत्री-यमुनोत्री तक रेललाइन के सर्वे पर सहमति प्रदान कर दी है।
- प्रदेश के 11 रेलवे स्टेशनों को ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत आधुनिक और विश्वस्तरीय स्वरूप दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का वक्तव्य
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यकाल उत्तराखंड के विकास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। विगत 12 वर्षों में उत्तराखंड में हर तरह की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। अब प्रदेश के किसी भी हिस्से से कुछ घंटों में बड़े शहरों तक पहुंच संभव है। राज्य सरकार भी प्रदेश में हर तरह के यातायात साधन विकसित करने का निरंतर प्रयास कर रही है।”
– पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड











