उत्तर प्रदेश

UP: 2000 करोड़ के कफ सिरप सिंडिकेट का सरगना शुभम जायसवाल दुबई में होगा गिरफ्तार, प्रत्यर्पण की प्रक्रिया तेज

विदेश मंत्रालय ने यूएई (UAE) सरकार को भेजा अरेस्ट वारंट, वाराणसी पुलिस की चार्जशीट के बाद एक्शन में आई CBI

Published by
वाराणसी संवाद सूत्र

वाराणसी । प्रतिबंधित कफ सिरप की करीब दो हजार करोड़ रुपये की तस्करी के चर्चित मामले में फरार चल रहे सरगना शुभम जायसवाल की दुबई में गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज हो गई है। विदेश मंत्रालय की ओर से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) सरकार को प्रोविजनल अरेस्ट के लिए अनुरोध पत्र भेजा गया है।

कमिश्नरेट पुलिस लंबे समय से वाराणसी के कायस्थान मोहल्ला निवासी शुभम जायसवाल की तलाश कर रही है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही दुबई की सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर उसे गिरफ्तार करेंगी। इसके बाद प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू होगी और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की टीम उसे भारत लाने के लिए दुबई जाएगी।

वाराणसी पुलिस ने जब्त की 45 करोड़ की संपत्ति, पिता पहले ही गिरफ्तार

इस मामले में शुभम जायसवाल के पिता भोला जायसवाल को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, शुभम के नेटवर्क से जुड़े एक दर्जन से अधिक आरोपितों की गिरफ्तारी वाराणसी समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से की जा चुकी है। पुलिस ने उनसे संबंधित करोड़ों रुपये की संपत्तियां भी जब्त की हैं।
इस बीच, कमिश्नरेट पुलिस ने कोतवाली, रोहनिया और सारनाथ थानों में दर्ज मामलों में आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। शुभम के प्रत्यर्पण को लेकर भी सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं।

दुबई में गिरफ्तारी के बाद सीबीआई (CBI) करेगी प्रत्यर्पण की कार्रवाई

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि विदेश मंत्रालय की ओर से प्रोविजनल अरेस्ट के लिए पत्र भेज दिया गया है। दुबई की सुरक्षा एजेंसियां शुभम की तलाश कर उसे गिरफ्तार करेंगी, जिसके बाद उसके प्रत्यर्पण की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने शुभम जायसवाल की करीब 45 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर उसे भगोड़ा घोषित किया है। साथ ही गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। दुबई सरकार को सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा दिए गए हैं, जिससे उसकी गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।

Share

Recent News