काम की खबरें

PM Kisan 23वीं किस्त का इंतजार होने वाला है खत्म ? जानिए कब आ सकते हैं 2,000 रुपये और किन बातों का रखना होगा ध्यान

अगर आप चाहते हैं कि अगली किस्त का पैसा बिना किसी परेशानी के आपके खाते में पहुंच जाए, तो कुछ जरूरी काम समय रहते पूरे कर लें। स

Published by
Mahak Singh

देश के करोड़ों किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan) योजना की अगली किस्त का इंतजार कर रहे हैं। इस योजना के तहत केंद्र सरकार किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता देती है। यह राशि 2,000-2,000 रुपये की तीन किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजी जाती है।

योजना की 22वीं किस्त 13 मार्च 2026 को जारी की गई थी। इसके बाद अब किसानों की नजर 23वीं किस्त पर है। नियमों के अनुसार हर चार महीने में एक किस्त जारी की जाती है। इसी वजह से माना जा रहा है कि 23वीं किस्त जून के आखिर या जुलाई 2026 में किसानों के खातों में भेजी जा सकती है। हालांकि अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है।

किस्त पाने के लिए करें ये जरूरी काम

अगर आप चाहते हैं कि अगली किस्त का पैसा बिना किसी परेशानी के आपके खाते में पहुंच जाए, तो कुछ जरूरी काम समय रहते पूरे कर लें। सबसे पहले अपनी ई-केवाईसी (e-KYC) जरूर पूरी कर लें। सरकार ने साफ किया है कि जिन किसानों की ई-केवाईसी पूरी नहीं होगी, उनकी किस्त अटक सकती है। किसान घर बैठे पीएम किसान पोर्टल पर जाकर ओटीपी के जरिए यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। किसानों का बैंक खाता आधार कार्ड से लिंक होना चाहिए। इसके साथ ही बैंक खाते का एनपीसीआई (NPCI) से जुड़ा होना भी जरूरी है। अगर बैंक खाते की जानकारी गलत होगी या आधार लिंक नहीं होगा, तो किस्त मिलने में दिक्कत आ सकती है।

फार्मर आईडी भी है जरूरी

कुछ राज्यों में किसानों के लिए फार्मर आईडी बनवाना अनिवार्य कर दिया गया है। ऐसे राज्यों के किसानों को अपनी फार्मर आईडी बनवाकर जानकारी अपडेट कर लेनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी सरकारी योजना का लाभ लेने में परेशानी न हो। किसान अपनी किस्त का स्टेटस ऑनलाइन भी देख सकते हैं। इसके लिए पीएम किसान योजना की वेबसाइट पर जाकर “Know Your Status” या “Beneficiary Status” विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करके पूरी जानकारी देख सकते हैं। फिलहाल 23वीं किस्त को लेकर किसानों में उत्सुकता बनी हुई है। उम्मीद की जा रही है कि सरकार जल्द ही इसकी तारीख का ऐलान करेगी। इसलिए सभी किसान अपने जरूरी दस्तावेज और जानकारी समय पर अपडेट कर लें, ताकि 2,000 रुपये की अगली किस्त बिना किसी रुकावट के उनके खाते में पहुंच सके।

Share